रविवार को डोरी लाल अग्रवाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए अंडर 16 गर्ल्स इंटर रीजन स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब वाराणसी के नाम रहा। इन्होंने बरेली को 4-1 से हराकर ट्राफी अपने नाम कर ली। चैंपियनशिप में मुख्य अतिथि बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार रहे। उन्हाेंने भी पूरे मैच का लुत्फ लिया।
यूपी फुटबाल संघ और उप्र खेल निदेशालय की ओर से आयोजित चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला बेहद कड़ा था। एक तरफ वाराणसी की टीम थी, जिसने अभी तक के सारे मैच अच्छे गोल से जीते थे, दूसरी तरफ अपने आप को मजबूत साबित करने वाली मेजबान टीम बरेली थी। साढ़े 11 बजे शुरू हुआ मैच पहले हॉफ में बरेली की कविता सिंह और वाराणसी की चांदनी पटेल ने 1-1 गोल से बराबरी की। बरेली ने वाराणसी को खूब टक्कर दी। मैच ड्रा लग रहा था। एक बारगी तो मेजबान टीम का समर्थन कर रहे फील्ड के बाहर दर्शकों पर वाराणसी टीम की कोच झल्ला उठीं। शायद हारने का डर सता रहा था, लेकिन हॉफ टाइम के बाद वाराणसी टीम अटैकिंग तेवर में आ गई। बड़ी मुश्किल से गेंद बरेली ने वाराणसी के पाले तक पहुंचाया। एक कार्नर शॉट भी मिला जो हैंडबॉल हुआ, लेकिन रेफरी के नो हैंडबॉल डिसीजन से सभी को चुप्पी साधनी पड़ी। 65 मिनट के बाद वाराणसी की चांदनी पटेल, खुशबू पटेल और अंजली कनौजिया ने तीन गोल करके वाराणसी को 4-1 से बढ़त दे दी। इसे अंतिम समय तक कायम रखा और जीत हासिल की। इस दौरान मुख्य अतिथि सुरेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी और पुरस्कार वितरित किया। निर्णायक में इफ्तियार अहमद, अंबुज एजाज, अभिषेक रावत, विनय कुमार, अयूब शाह, अशोक सिंह, रशीद रेहान, श्रद्धा सोनकर, माधुरी देवी रहीं। आरएसओ मुद्रिका पाठक, फुटबॉल एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक अमरजीत बक्शी, अध्यक्ष अजय पाल सिंह, सचिव मून रॉबिंसन, अजीत सिंह, आरिफ नीजमी, डीएसओ संतोष शर्मा, शमीम अहमद, सोनेंद्र श्रोतिया, शेवर अली, भूषण कुमार, लवी रॉबिंसन, बरेली टीम मैनेजर सना कादरी शामिल रहे।
इन्होंने जीती ट्रॉफी
बेस्ट प्लेयर- चांदनी पटेल, वाराणसी
बेस्ट गोल कीपर- अनीता कुमारी, बरेली
बेस्ट फारवर्ड- कविता शर्मा, बरेली
बेस्ट डिफेंडर- अलीशा सिंह, बरेली