बरेली। पुरानी रंजिश में दबंगों ने गेट तोड़कर घर में आग लगा दी। मकान स्वामी की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने पांच नामजद समेत सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एजाजनगर गौटिया निवासी नसीम खान ने बताया कि तीन महीने पहले मोहल्ले के महफूज को किसी व्यक्ति ने गोली मार दी थी। इसमें वसीम ठेकेदार ने उसके बेटे शोएब पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस वजह से उनका पुत्र इधर-उधर रिश्तेदारी में रहता था। इसी रंजिश की वजह से रविवार तड़के वसीम ठेकेदार, गद्दी, इशरत, आफताब, साहिल व दो अज्ञात लोग निवासी चक महमूद तमंचे, तलवार और पेट्रोल की बोतलें लेकर घर में घुसने के लिए मकान के मेन गेट को तोड़ने लगे।
नसीम व उसके परिवार के लोगों ने उठकर देखा तो दबंग दरवाजा तोड़कर घर में घुस चुके थे। अपनी जान बचाने के लिए वह दूसरे के घरों में चले गए। दबंगों ने घर में घुसकर घरेलू सामान को तोड़फोड़ कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। साथ ही, धमकी दी कि दोबारा घर में आए तो जिंदा जला देंगे। नसीम खान की ओर से पुलिस ने वसीम ठेकेदार, गद्दी, इशरत, आफताब, साहिल व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अमर उजाला ब्यूरो