बरेली। हरियाली बढ़ाने के लिए बुधवार को वन महोत्सव का शुभारंभ पौधों की बर्बादी के साथ हुआ। रोडवेज के वर्कशॉप में रोपण के लिए भेजे गए हजारों पौधों को रोडवेज बसों ने कुचलकर नष्ट कर दिया। पहले दिन रोडवेज ने एक भी पौधा नहीं रोपा।
पौधरोपण के लिए रोडवेज को भी लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए रोडवेज के पास भूमि की कमी भी नहीं है। शहर में दो बस अड्डों के साथ इज्जतनगर में निर्माणाधीन बस अड्डा है। फरीदपुर व नवाबगंज में भी बस अड्डे हैं। रुहेलखंड और बरेली डिपो के अलावा विशाल क्षेत्रफल में क्षेत्रीय कार्यशाला भी है। मंगलवार को वन विभाग ने पौधों की खेप रोडवेज वर्कशॉप भेजी थी। हजारों की संख्या में पौधों को रुहेलखंड डिपो के वर्कशॉप में उतारने के बाद जिम्मेदार भूल गए। इन पौधों को बसों ने कुचलकर नष्ट कर दिया। क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने बताया कि जांच के निर्देश दिए गए हैं। जिसकी लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कई विभागों के पास पौधरोपण के लिए भूमि की अड़चन
पौधरोपण के लिए वन विभाग ने 29 विभागाें की जिम्मेदारी तय की है। इनमें से कई ऐसे भी हैं जिनके पास साल दर साल हो रहे पौधरोपण के लिए खुद की भूमि उपलब्ध नहीं है। ऐसे में पौधरोपण के लिए अफसर परेशान रहते हैं। इसमें परिवहन विभाग, श्रम विभाग, आवास विकास, सहकारिता, प्राविधिक शिक्षा, ऊर्जा विभाग, उद्योग, जलनिगम, लोक निर्माण विभाग शामिल हैं। ये व्यक्तिगत संपर्क से पौधरोपण कराते हैं। लिहाजा, पौधरोपण के बाद उनके बारे में जानकारी नहीं मिल पाती।