समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि इस बार उत्तराखंड से 80 स्टाल मेले में आ रहे हैं। इसमें 25 स्टाल उद्योग क्षेत्र से होंगे। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, प्रतापगढ़, जोधपुर, इलाहाबाद, कानपुर व राजस्थान से स्टाल आ रहे हैं। इसके लिए 140 स्टाल बुक हो चुके हैं। इसमें मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की औषधियों के अलावा ऊनी वस्त्र, स्वास्थ्य, बैंक आदि के स्टाल भी होंगे।
महासचिव देवेंद्र जोशी ने बताया कि इस मेले के लिए बुधवार से मेहमान कलाकारों और स्टाल आदि आना शुरू हो जाएंगे। उत्तराखंड के सांस्कृतिक दल एवं गायक भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इसमें हीरा सिंह राणा, फौजी ललित मोहन जोशी, दीवान सिंह कनवाल, प्रहलाद मेहरा, अमित गोस्वामी, लता तिवारी, हेमा ध्यानी, संगीता ढौढ़ियाल जैसे नाम हैं। देहरादून, बागेश्वर, लाल कुंआ, अल्मोड़ा, लोहाघाट, खटीमा आदि के सांस्कृति दल पहुंच रहे हैं। बरेली के भी 16 सांस्कृतिक दल तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा गढ़वाल रेजीमेंट का बैगपाइपर बैंड और देवस्थल उड़ाई की छोलिया नृत्य टीम मुख्य आकर्षण रहेगा।
इस मेले में उत्तराखंड के मुख्य मंत्री हरीश रावत, वित्त मंत्री इंदिरा हृदेेश, नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट, पूर्व मुख्य मंत्री भगत सिंह कोश्यारी के आने की संभावना है।
सीसी टीवी कैमरे की नजर रहेगी
बरेली। उत्तरायणी मेले में इस बार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसमें पुलिस प्रशासन के अलावा आयोजकों ने खुद भी कड़े इंतजाम किए हैं। इस बार हर शख्स सीसी टीवी कैमरे की नजर में होगा। वहीं भूतपूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएफ के जवान मेले हर तरफ नजर रखेंगे।