Uttarakhand has become the star of the leaders of the promotional material in Bareilly
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
ये उत्तराखंड के स्टार नेताओं में शुमार हैं। वहां के चुनावी दंगल में इन्होंने अपनी दावेदारी भी ठोंक दी है। इनका चुनावी मैदान भले ही उत्तराखंड है, लेकिन जनता तक पहुंचने के साधन यानी प्रचार सामग्री तैयार बरेली में तैयार हो रही हैं। उत्तराखंड के एक या दो नहीं बल्कि कई दिग्गज नेताओं की प्रचार सामग्री बरेली में तैयार हो रही है। बड़े-बड़े बैनर होर्डिंग ही नहीं, बल्कि चेस्ट बैच, कैलेंडर, हैंड बिल, गांधी टोपी जैसी सामग्री तैयार हो रही है। आचार संहिता के उल्लंघन से भी बचा जा सके। उत्तराखंड के नेता ही नहीं बल्कि रामपुर, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद तक के बड़े नेताओं की प्रचार सामग्री बरेली में ही तैयार हो रही है। चुनाव सामग्री तैयार कराने वालों में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके विजय बहुगुणा और सितारगंज से चुनाव लड़ रहे इनके बेटे सौरभ बहुगुणा, भाजपा नेता यशपाल आर्या, बीजेपी नेता राजेश शुक्ला, रुद्रपुर से चुनाव लड़ रहे राजकुमार ठुकराल, रामपुर से चुनाव लड़ रहे शिव बहादुर सक्सेना जैसे दर्जनों बड़े नाम इस फेहरिस्त में शामिल हैं। प्रिंटिंग प्रेस से मिली जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के बीजेपी और कांग्रेस के कई बड़े नेताओं की सामग्री भी बरेली में तैयार हो रही है। काफी सामग्री यहां से सप्लाई भी कर दी गई है। प्रिंटिंग प्रेस संचालकों की मानें तो बरेली में काफी कम दामों में सामग्री तैयार हो जाती है, इसलिए नेता यहां का रुख करते हैं।
इस सामग्री की है डिमांड
इस बार बड़े-बड़े पोस्टर-बैनर की जगह हैंड बिल, नेताओं के मुखौटे, चेस्ट बैच, स्टीकर, कैलेंडर, गले में डालने वाली पट्टियां, गांधी टोपी, झंडे, कार्ड आदि सामग्री तैयार हो रही है।
हमारे यहां उत्तराखंड के कई बड़े नेताओं ने चुनाव सामग्री का ऑर्डर दिया है। इतना ही नहीं रामपुर, किच्छा समेत आसपास के कई जिलों के बड़े नेताओं की चुनाव सामग्री तैयार करने का ऑर्डर मिला है। हम बहुत कम दामों पर सामग्री छापते हैं, इसलिए अधिकतर नेता हमारे यहां आते हैं।
- आर्दश अग्रवाल, संचालक, त्रिशूल एडवरटाइजर्स