बरेली। इस वर्ष उत्तर प्रदेश राज्य आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन शहर में होने जा रहा है। 13 और 14 जून को होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी का जिम्मा इस बार आर्म रेसलिंग एसोसिएशन ऑफ बरेली को सौंपा गया है।
प्रतियोगिता आर्म रेसलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसमें स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन जम्मू में आयोजित होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए खिलाड़ी अपनी ताकत का जौहर दिखाएंगे। चैंपियनशिप को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज वर्मा, कोषाध्यक्ष अकमल खान और महासचिव शाहवेज अली लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
बरेली एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल के अनुसार, प्रतियोगिता को बेहद पारदर्शी और न्यायसंगत बनाने के लिए उम्र और वर्ग के हिसाब से कड़े नियम तय किए गए हैं। चैंपियनशिप में सब-जूनियर बॉयज और गर्ल्स (12 से 15 वर्ष) से लेकर जूनियर और यूथ कैटेगरी के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।
सीनियर महिला व पुरुष (ओपन कैटेगरी), मास्टर्स पुरुष व महिला (40 वर्ष से अधिक) और ग्रैंड मास्टर्स (50 वर्ष से अधिक) के लिए भी विशेष वर्ग बनाए गए हैं। साथ ही दिव्यांग एथलीटों के लिए भी सिटिंग और स्टैंडिंग ओपन श्रेणियों की व्यवस्था की गई है।