बरेली के राजकीय इंटर कॉलेज में चल रही अंडर-17 वर्ग की 69वीं राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के चौथे दिन शुक्रवार को बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश की टीम ने गुजरात को क्वार्टर फाइनल में 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, बालिका वर्ग में यूपी टीम को प्री-क्वार्टर फाइनल में विद्या भारती के हाथों 3-0 से शिकस्त मिली, जिसके चलते उनका सफर प्रतियोगिता में यहीं खत्म हो गया है।
शुक्रवार को बालिका वर्ग में पहला प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला पश्चिम बंगाल बनाम पंजाब की टीम के बीच में हुआ। इसमें पश्चिम बंगाल 3-0 से विजयी रहा। इसके बाद हरियाणा ने कर्नाटक को 3-0 से मात दी। केरल ने गुजरात को 3-1 से, पुडुचेरी ने छत्तीसगढ़ को 3-0 से, हिमाचल प्रदेश ने केवीएस को 3-1 से, असम ने दिल्ली को 3-1 से और विद्या भारती ने उत्तर प्रदेश को 3-0 से, राजस्थान ने मिजोरम को 3-0 से हराया। वहीं, क्वार्टर-फाइनल मुकाबलों में पश्चिम बंगाल ने हरियाणा को 3-1 से, केरल ने पुडुचेरी को 3-0 से, हिमाचल प्रदेश ने असम को 3-0 से और राजस्थान ने विद्या भारती को 3-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
बालक वर्ग में हुई कांटे की टक्कर
बालक वर्ग में पहला प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला मणिपुर बनाम हिमाचल प्रदेश के मध्य रहा, जिसमें मणिपुर ने हिमाचल प्रदेश को 3-0 से मात दी। इसके बाद, राजस्थान ने छत्तीसगढ़ को, सीबीएसई ने आंध्र प्रदेश को, पंजाब ने पश्चिम बंगाल को 3-0 से हराया।
उत्तर प्रदेश ने तमिलनाडु को 3-1 से, गुजरात ने महाराष्ट्र को 3-0 से, हरियाणा ने असम को 3-0 से और उत्तराखंड ने केवीएस को 3-0 से मात दी। क्वार्टर फाइनल में मणिपुर ने राजस्थान को 3-0 से, सीबीएसई ने पंजाब को धूल चटाई। वहीं, उत्तर प्रदेश ने गुजरात को 3-1 से, उत्तराखंड ने हरियाणा को 3-1 से मात देकर, सेमीफाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया।