पिता ने लगाया मामूली कर्ज के बदले दस लाख रुपये मांगने का आरोप
भोजीपुरा। सूदखोर धौराटांडा के फल विक्रेता इंतखाब अली पर दस लाख रुपये देने का दबाव बना रहे थे, इसी वजह से उन्होंने दो जुलाई को जहर खाकर खुदकुशी कर ली थी। मंगलवार को उनके पिता फरजंद अली ने इस मामले में ईसापुर के प्रधान तफसीर, गुलाम साबिर और टांडा के सलीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भोजीपुरा के कस्बा धौराटांडा में वार्ड आठ निवासी इंतखाब अली कस्बे में ही फल का ठेला लगाते थे। दो जुलाई की शाम करीब पांच बजे वह कस्बे में ही बेहोशी की हालत में मिले थे। परिवार वाले उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मंगलवार को उनके पिता फरजंद अली ने ईसापुर के प्रधान तफसीर, गुलाम साबिर और टांडा के सलीम के खिलाफ थाना भोजीपुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरजंद ने बताया कि उनके बेटे ने कुछ समय पहले आरोपियों से कारोबार के लिए कुछ रुपये ब्याज पर लिए थे। सारे रुपये ब्याज समेत अदा भी कर दिए गए थे। इसके बावजूद आरोपी उस पर दस लाख रुपये और देने का दबाव बना रहे थे और आए दिन झगड़ा करते थे। इसके कारण उनका बेटा इंतखाब अवसाद में आ गया और उसने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली।