बरेली/बीसलपुर (पीलीभीत)। ‘वर्ष 2020 में उधार लिए सात हजार रुपये न लौटा सका तो मुजम्मिल यौन शोषण करने लगा। चार साल तक यह सिलसिला चला। इसके बाद वह साथियों के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। इसलिए उसकी हत्या कर दी।’ आरोपी के इस कबूलनामे के बाद पुलिस ने गुर्गे सहित उसे न्यायालय में पेश किया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
बृहस्पतिवार को सीओ ने मामले का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि बीसलपुर के गांव मीरपुर वाहनपुर निवासी मुदस्सिर हुसैन की ओर से 21 जनवरी को कोतवाली में अपने भाई मुजम्मिल (25) की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया कि 20 जनवरी को मुजम्मिल कार में बैठकर घर से गए थे। इसके बाद लौटकर नहीं आए।
जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक को पकड़ा। सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बुधवार को बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव बरकापुर नहर के किनारे से मुजम्मिल का शव बरामद किया था।
गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या में तरमीम कर आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। संवाद