फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LPG Crisis: रसोई गैस के लिए जद्दोजहद, एजेंसियों पर कहासुनी और धक्का-मुक्की, पुलिस की मौजूदगी में बंटे सिलिंडर

Sat, 14 Mar 2026 02:09 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर

सार

बरेली समेत मंडल के चारों जिलों में एलपीजी सिलिंडरों के लिए मारामारी मची है। उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों पर बुकिंग न होने के कारण उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग रही है। उपभोक्ता घंटों लाइन में लगने के बावजूद निराश होकर लौट रहे हैं। कहीं धक्का-मुक्की और नोकझोंक हो रही है तो कहीं पुलिस को पहुंचकर लाइन लगवानी पड़ रही है। 
विज्ञापन
तिलहर में गैस एजेंसी पर लगी उपभोक्ताओं की कतार - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहजहांपुर में व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति ठप होने के बाद रसोई गैस लेने के लिए भी लोगों को पसीना बहाना पड़ रहा है। कई गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने पहुंच रहे उपभोक्ताओं को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कहीं धक्का मुक्की-नोकझोंक हो रही है तो कहीं पुलिस को पहुंचकर लाइन लगवानी पड़ रही है। तिलहर में शनिवार को एक छात्र नेता ने एजेंसी कर्मचारी पर रिवॉल्वर से गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।

विज्ञापन

 
तिलहर थाना क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर मंडी समिति स्थित गैस एजेंसी पर शनिवार सुबह करीब दस बजे तमाम उपभोक्ता पहुंच गए तो भीड़ लग गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसी के एक कर्मचारी ने उपभोक्ताओं को गोली मारने की धमकी दी है। इसके बाद लोगों ने एजेंसी के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। 

छात्र नेता ने एजेंसी कर्मचारी पर लगाया आरोप 
मौके पर मौजूद छात्र नेता अभिमर्दन सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि नारंगी रंग की शर्ट पहने एजेंसी के एक कर्मचारी ने उपभोक्ताओं को गोली मारने की धमकी दी। उनका यह भी कहना था कि मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मी भी उपभोक्ताओं को समझाने के बजाय उन्हें धमकाने का प्रयास कर रहे थे। हंगामे की सूचना मिलने पर तिलहर थाना प्रभारी जुगल किशोर पाल भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को शांत कराया और लोगों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों से कहा कि तहरीर देने पर  जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

एजेंसी संचालक ने आरोप बताए निराधार 
वहीं, एजेंसी संचालक अशोक सिंह ने उपभोक्ताओं के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि गैस सिलिंडरों की बुकिंग और वितरण पूरी तरह नियमानुसार किया जा रहा है। कुछ लोग दबाव बनाकर पहले सिलिंडर प्राप्त करने की कोशिश कर रहे थे और इसी कारण अनावश्यक आरोप लगाए जा रहे हैं। 

वहीं, बंडा में गैस सिलिंडर वितरण को लेकर शनिवार सुबह एजेंसी में जमकर धक्कामुक्की और गालीगलौज हुई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि सिलिंडर ब्लैक में दिया जा रहा है। इस दौरान जमकर हंगामा होता रहा।

सिलिंडर सिर्फ 360, उपभोक्ता पहुंचे 600 से अधिक
पीलीभीत जिले में रसोई गैस सिलिंडर के लिए मारामारी बढ़ती जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र की अधिकांश गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ और अफरा तफरी का माहौल है। कई घंटे लाइन में लगने के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पर रहा है। शनिवार को अमरिया इलाके की गैस एजेंसी पर 600 से अधिक उपभोक्ता पहुंचे। न्यूरिया, जहानाबाद आदि क्षेत्रों से 15 से 18 किमी का सफर करके आए उपभोक्ताओं को कई घंटे लाइन में लगने के बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिल सका। 

एजेंसी पर शनिवार को सिर्फ 350 सिलिंडर ही पहुंचे थे। पुलिस की मौजूदगी में सिलिंडरों का वितरण कराया गया। यही नजारा जहानाबाद की गैस एजेंसी पर दिखा। काम काज छोड़कर लोग गैस सिलिंडर की लाइन में लगे हैं। जहानाबाद की गैस एजेंसी पर गैस की लाइन में लगी रिजवाना ने बताया कि काफी देर से इंतजार कर रहे हैं। अब बताया जा रहा कि 24 घंटे बाद ओटीपी आएगी। हम कब तक इंतजार करेंगे।
विज्ञापन

एजेंसियों पर बुकिंग न होने से परेशान उपभोक्ता
बदायूं में गैस एजेंसियों पर बुकिंग न होने के कारण लोगों की भीड़ उमड़ रही है और उपभोक्ता घंटों लाइन में लगने के बावजूद निराश होकर लौट रहे हैं। शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों पर शनिवार को बड़ी संख्या में लोग गैस सिलिंडर लेने के लिए पहुंच गए। एजेंसियों पर सुबह से ही भीड़ लग गई, लेकिन बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित होने के कारण उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पाया। इससे लोगों में नाराजगी भी देखी गई। 

उपभोक्ताओं का कहना है कि कई दिनों से बुकिंग नहीं हो पा रही है। लोग एजेंसियों पर पहुंचकर जानकारी ले रहे हैं, लेकिन स्पष्ट समाधान न मिलने से परेशान हैं। एजेंसी कर्मियों का कहना है कि तकनीकी दिक्कतों और बुकिंग प्रक्रिया में समस्या के कारण उपभोक्ताओं को दिक्कत हो रही है। समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जल्द ही बुकिंग व्यवस्था सुचारु हो सके। गैस एजेंसियों पर उमड़ी भीड़ और बुकिंग में आ रही दिक्कतों के कारण शहर में उपभोक्ताओं को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें