बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र स्थित मैक्स लाइफ अस्पताल में शुक्रवार दोपहर डेढ़ साल के बच्चे की मौत हो गई। घरवालों ने डॉक्टर पर लापरवाही और गलत इलाज का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
फतेहगंज पूर्वी निवासी नरेश ने बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि उनके डेढ़ वर्ष के बच्चे निहार को बुखार आया था। बृहस्पतिवार को उन्होंने निहार को मैक्स लाइफ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार दोपहर उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में कोताही बरतने का आरोप लगाकर हंगामा किया। बारादरी थाना पुलिस ने परिजनों को बताया कि कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें पहले बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराना पड़ेगा। तब परिजनों ने इन्कार कर दिया। पुलिस ने परिवार को किसी तरह समझा कर भेज दिया। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि परिवार ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।
अस्पताल के संचालक व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनीस बेग ने बताया कि बच्चे की हालत काफी खराब थी। इस बारे में परिजनों को पहले ही बता दिया गया था। परिवार ने कोई आरोप नहीं लगाया। अमर उजाला ब्यूरो