बरेली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 24 अगस्त को प्रस्तावित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की तैयारियों में प्रशासन जुट गया है। बृहस्पतिवार को आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में बरेली समेत मंडल के सभी जिलों में परीक्षा से पहले सभी को प्रशिक्षण दिए जाने पर निर्णय हुआ। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की सदस्य डॉ. रचना पाल भी बैठक में ऑनलाइन मौजूद रहीं।
कमिश्नरी सभागार में आयोजित वर्चुअल बैठक में अपर आयुक्त अरुण कुमार ने मंडल में 76027 अभ्यर्थियों की परीक्षा होने की जानकारी दी। बरेली में 38470, बदायूं में 10043, पीलीभीत में 10367 और शाहजहांपुर में 17147 अभ्यर्थियों के परीक्षा में बैठने की उम्मीद है। परीक्षा दो पालियों में होगी। बरेली में 45, बदायूं में 14, पीलीभीत में 15, शाहजहांपुर में 14 परीक्षा केंद्र बने हैं। परीक्षा केंद्र के दो सौ मीटर की परिधि में फोटोकॉपी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि दुकान बंद रहेगी। सीसीटीवी से भी निगरानी होगी। नोडल अधिकारियों को बिजली आपूर्ति, आवागमन व्यवस्था की तैयारी को कहा है। ब्यूरो