फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली में सर्दी का सितम: भीख मांगने वाले शख्स की मौत, ठंड लगने की आशंका; आज कोल्ड डे का अलर्ट

Tue, 07 Jan 2025 07:50 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में सर्दी से फिलहाल राहत के आसार नहीं है। शीतलहर का प्रकोप जारी है। शहर में सोमवार को भीख मांगने वाले बुजुर्ग की मौत हो गई। आशंका है कि ठंड लगने से उसकी जान गई है। 
विज्ञापन
Bareilly Weather - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने से बादल छंटे पर कोहरा, धुंध और सर्दी का सितम जारी है। मंगलवार को सुबह कोहरा थोड़ा हल्का जरूर हुआ, लेकिन बादल छाने से धूप निकलने की संभावना नहीं है। शीतलहर लोगों की कंपकंपी छुड़ा रही है। गलन बढ़ने से हाथ-पैर सुन्न हो रहे हैं। कड़ाके की सर्दी में लोग जरूरी कामों होने पर ही बाहर निकल रहे हैं। खराब मौसम का असर यातायात पर पड़ रहा है। 

विज्ञापन


सोमवार को सुबह घने कोहरे के साथ हुई थी, लेकिन दोपहर 12 बजे धूप निकलने लगी। शाम चार बजे तक धूप खिलने से अधिकतम पारा एक डिग्री बढ़त के साथ 17.0 डिग्री जा पहुंचा। हालांकि रात में ठिठुरन रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को शीत दिवस (कोल्ड डे) का अलर्ट जारी किया है। शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। 

भिखारी की मौत, ठंड लगने की आशंका
बारादरी थाना क्षेत्र में मूर्ति चौराहे के पास सोमवार शाम एक भिखारी का शव पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक करीब 60 वर्षीय यह शख्स चौराहे के आसपास भीख मांगता था। वहीं पर सोता था। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की तो पता लगा कि शायद ठंड लगने से वृद्ध की मौत हो गई है। इससे पहले रविवार को एक साधु की जान चली गई थी। 

विज्ञापन

घंटे भर देरी से हुई मुंबई के लिए उड़ान
घने कोहरे और धुंध की वजह से सोमवार को भी हवाई यात्रा प्रभावित रही। बरेली एयरपोर्ट पर उतरने का सिग्नल न मिलने की वजह से मुंबई एयरपोर्ट से विमान ने 45 मिनट की देरी से उड़ान भरी। वहीं, बरेली पहुंचने के बाद करीब घंटेभर की देरी से वापसी हो सकी।

एयरलाइंस प्रतिनिधि के मुताबिक रविवार की तरह सोमवार को भी शहर में सुबह घना कोहरा रहा। सुबह दस बजे तक दृश्यता शून्य होने की वजह से बरेली एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्री परेशान हुए। निर्धारित समय से करीब 45 मिनट बाद दोपहर 12:40 बजे मुंबई से उड़ान हो सकी। 

विमान दोपहर 2:55 बजे बरेली पहुंचा। यहां से 1:02 घंटे की देरी से अपराह्न 3:30 बजे मुंबई के लिए विमान ने उड़ान भरी। यह उड़ान 58 मिनट की देरी से शाम 6:07 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड हुई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 
विज्ञापन

काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से आईं
कोहरे और सर्दी का असर ट्रेनों के संचालन पर बरकरार है। कोहरे में सोमवार को सुपरफास्ट ट्रेनें भी धीमी रफ्तार से चलीं। 12232 लखनऊ इंटरसिटी सुपरफास्ट सोमवार को भोर में 4:20 बजे के स्थान पर दिन में 10:35 बजे और 12203 अमृतसर गरीब रथ सुपरफास्ट सुबह 9:28 के स्थान पर शाम 15:28 बजे से आई। 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 6:43 के स्थान पर 11:42 बजे देरी से आई। यात्रियों का सर्दी में इंतजार करना पड़ा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें