बरेली जिले में नगर निकाय चुनाव में नामांकन कराने वाले 217 उम्मीदवारों ने गुरुवार को पर्चा वापस ले लिया। नगर निगम में मेयर पद से दो तो पार्षद पद से 41 उम्मीदवारों ने पर्चा वापस लिया है। नगर पंचायत बिशारतगंज से 28, नगर पालिका फरीदपुर से 27 लोगों ने पर्चा वापस लिया है। मेयर पद के लिए 13, पार्षद पद के लिए 521 उम्मीदवार डटे हैं।
मेयर पद के लिए ये 13 प्रत्याशी मैदान में
सपा के संजीव सक्सेना और उनके बेटे निर्दलीय सागर सक्सेना के पर्चा वापसी के बाद मेयर पद पर दावेदारी के लिए मैदान में 13 प्रत्याशी डटे हैं। इसमें भाजपा से डॉ. उमेश गौतम, कांग्रेस के डॉ. कुलभूषण त्रिपाठी, बसपा के यूसुफ खान, समाजवादी पार्टी समर्थित डॉ. आईएस तोमर, आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के मोहम्मद सरताज, आम आदमी पार्टी के भूपेंद्र कुमार मौर्य, निर्दलीय नरेश कुमार, राकेश बाबू कश्यप, इरशाद अली, बनवारी लाल, साकिर अली अल्वी, रहीस मियां, मान सिंह शामिल हैं।
कहां, कितने उम्मीदवारों ने वापस लिया पर्चा
नगर निकाय मेयर/अध्यक्ष पार्षद/सदस्य
नगर निगम 02 41
नगर पालिका नवाबगंज 00 04
नगर पालिका फरीदपुर 03 24
नगर पालिका बहेड़ी 01 10
नगर पालिका आंवला 00 14
नगर पंचायत ठिरिया निजावत खां 00 02
नगर पंचायत रिठौरा 01 11
नगर पंचायतधौराटांडा 02 10
नगर पंचायत सेंथल 00 01
नगर पंचायतफतेहगंज पूर्वी 02 02
नगर पंचायत फरीदपुर 00 05
नगर पंचायत रिछा 00 10
नगर पंचायत देवरनिया 03 04
नगर पंचायत शेरगढ़ 02 06
नगर पंचायत मीरगंज 03 14
नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी 02 03
नगर पंचायत शाही 02 00
नगर पंचायत शीशगढ़ 00 00
नगर पंचायत सिरौली 00 05
नगर पंचायत बिशारतगंज 08 20
निर्दलीय प्रत्याशियों को आवंटित होंगे चुनाव चिह्न
नगर निकाय चुनाव में शुक्रवार को निर्दलीय उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न जारी किए जाएंगे। इसके लिए जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने सभी रिटर्निंग ऑफिसर्स को मुस्तैदी से कार्य करने की हिदायत दी है। प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित करते समय वरीयता का ध्यान रखने को कहा है। चुनाव चिह्न के नमूने मिलने के बाद प्राप्ति स्वरूप रसीद लेने, उम्मीदवारों की सूची चुनाव चिह्न के साथ कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने को कहा है।