केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी पहुंचे मतदान करने
- फोटो : एएनआई
केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी भारी सुरक्षा के बीच लखीमपुर के बनबीरपुर मतदान केंद्र पर वोटिंग के लिए पहुंचे। उनकी सुरक्षा के लिए इतने जबरदस्त इंतजाम थे कि काफी दूर तक कोई नेता नहीं सिर्फ सुरक्षा में तैनात जवान ही जवान दिखाई दे रहे थे।
शुरुआत में तो किसी को समझ ही नहीं आया कि आखिर इतने सुरक्षाकर्मी क्या कर रहे हैं। फिर चंद सेंकेंड बाद पता चला कि गृहराज्य मंत्री टेनी मतदान के लिए आए हैं। पत्रकारों को भी उन तक पहुंचने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
मतदान देने के बाद जब अजय मिश्र बाहर निकल रहे थे तो पत्रकारों ने उनसे सवाल पूछने की काफी कोशिश की लेकिन उन्होंने किसी का जवाब नहीं दिया। वह सिर्फ विजय चिन्ह दिखाते हुए बूथ से रवाना हो गए।
तीन अक्तूबर की घटना के बाद चर्चा में आए मंत्री टेनी और उनका बेटा आशीष
बीते साल तीन अक्तूबर को लखीमपुर के तिकुनिया में हुई हिंसा के दौरान आठ लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें कुछ किसान, पत्रकार और भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे। इसी घटना के बाद से केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी और उनका बेटा आशीष मिश्र सुर्खियों में आए। इस मामले में केंद्रीय मंत्री का बेटा आशीष मुख्य आरोपी है और कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर रिहा हुआ है। दरअसल केंद्रीय मंत्री ने कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों को सबक सिखाने की बात की थी। इसके विरोध में किसान तिकुनिया में उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे इसी दौरान थार जीप उन पर से गुजरी जिससे और उसके बाद हुई हिंसा में कुल आठ लोग मारे गए। आशीष मिश्र पर आरोप है कि वह उस वाहन में बैठे थे जिसने प्रदर्शनकारियों को कुचला।
चौथे चरण का मतदान है जारी
उत्तर प्रदेश में बुधवार को चौथे चरण का मतदान जारी है। इसके तहत प्रदेश के नौ जिलों की 59 सीटों पर मतदान हो रहा है। इन नौ जिलों में सूबे की राजधानी लखनऊ व लखीमपुर खीरी जिले की विधानसभा सीटें भी शामिल हैं।