फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी बोर्ड परीक्षा: सपा के दिग्गजों की दुकानें बंद

Wed, 15 Nov 2017 02:03 AM IST
बरेली।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
विवादित रहे कई कॉलेजों के साथ इस बार कई राजनीतिक हस्तियों के कॉलेजों का भी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची से पत्ता कट गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों की जो सूची जारी की है, उसके मुताबिक जिले में 127 केंद्रों पर इस बार परीक्षा होगी। पिछले साल परीक्षा केंद्र बने 40 कॉलेजों को सूची से बाहर कर उनकी जगह 34 नए कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। बता दें कि इस बार शासन ने सभी कॉलेजों में इन्फ्रास्ट्रक्चर का ऑनलाइन डाटा लिया था। इसके बाद मुख्यालय से ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया।
सूची से जिन कॉलेजों का पत्ता कटा है उनमें कई सपा नेताओं के हैं तो कुछ पिछले साल विवाद के कारण सूची से बाहर किए गए हैं। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव के दो कॉलेज डॉ. राम मनोहर लोहिया उमा विद्यालय मउचंदपुर और चौधरी प्रेमपाल सिंह इंटर कॉलेज झिंझरी त्रिकुनियां को इस बार केंद्र नहीं बनाया गया। पूर्व विधायक सुल्तान बेग के कॉलेज हाजी दूल्हा बेग मेमोरियल इंटर कॉलेज शीशगढ़ मीरगंज का भी पत्ता कट गया। सपा के पूर्व विधायक सियाराम सागर के कॉलेज अंबेडकर कन्या इंटर कॉलेज भुता फरीदपुर भी सूची से बाहर कर दिया गया। सिर्फ राजनीति हस्तियां ही नहीं बल्कि अधिकारियों के कॉलेज भी बाहर किए गए हैं। बरेली में जेडी रहे महेंद्र देव के कॉलेज श्री कस्तूरी लाल जुक्खी सिंह आर्य इंटर कॉलेज का भी पत्ता साफ हो गया। सरस्वती विद्या मंदिर उ.मा.वि. भमोरा आंवला में पिछले साल पेपर आउट होने शिकायत हुई थी। विवाद के चलते इस कॉलेज को केंद्र नहीं बनाया गया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में बाउंड्री बाल न होने के कारण केंद्र नहीं बनाया गया। जीबीपंत नवाबगंज, एमजीएम, कुसुम कुमारी, स्त्री सुधार, किसान इंटर कॉलेज जैसे कॉलेज भी केंद्र नहीं बनाए गए।
विज्ञापन

फर्नीचर और अन्य जरूरी संसाधन न होने के कारण 14 राजकीय हाईस्कूलों को भी केंद्र नहीं बनाया गया। पिछले साल के मुकाबले इस बार केंद्रों की संख्या भी कम कर दी गई है। पिछले साल 134 केंद्र बनाए गए थे। मंगलवार को अपर सचिव संजय अग्रवाल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये परीक्षा केंद्रों को लेकर निर्देश भी जारी किए। बीस नवंबर तक प्रत्यावेदन मांगे गए हैं। इनको ऑनलाइन और आफलाइन दोनों मोड से भेजा जाएगा। 25 नवंबर तक रिपोर्ट डीएम के माध्यम से शासन को जाएगी।

तहसील स्तर पर बनेगी कमेटियां
निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर धारण क्षमता को देखने के लिए तहसील स्तर पर कमेटियां बनाई जाएंगी। शासन ने इस बार कड़े निर्देश दिए हैं कि छात्र किसी भी हाल में टाट पट्टी पर बैठकर परीक्षा नहीं देगा। इसलिए धारण क्षमता का सत्यापन कराया जाएगा। साथ ही कॉलेज ने आनलाइन जो जानकारी भेजी है वो सही है या नहीं, बाउंड्री बाल, भवन, दूसरे कॉलेज से दूरी जैसे तथ्यों को भी देखा जाएगा। 
विज्ञापन


साइंस और अदर देन साइंस के पेपर होंगे अलग
इस बार साइंस और अदर देन साइंस सब्जेक्ट में अंग्रेजी का पेपर बिल्कुल अलग होगा। बी सीरीज का प्रश्नपत्र साइंस वाले छात्रों के लिए और ए सीरीज के प्रश्नपत्र साइंस के इतर वाले विषय वाले छात्रों के होंगे।


आंकड़े
कुल केंद्र : 127
राजकीय कालेज: 7
अनुदानित कॉलेज : 59
वित्तविहीन कॉलेज : 61
कुल परीक्षार्थी : 105773 
छात्र : 63531
छात्राएं : 42242
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें