पीलीभीत। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले में प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। इसमें 73 केंद्र हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से सूची को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। परीक्षा केंद्रों और उनमें आवंटित विद्यालयों के विद्यार्थियों को लेकर किसी तरह की आपत्ति या शिकायत है तो 21 नवंबर तक ऑनलाइन प्रत्यावेदन कर सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि डीएम की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद 16 नवंबर को प्रस्तावित केंद्रों की सूची परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर प्रदर्शित कर दी गई है। इसमें परीक्षा केंद्रों के साथ विद्यालयों के छात्र आवंटन का विवरण भी शामिल है। उन्होंने बताया कि सूची के संबंध में छात्र, अभिभावक, विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रबंधक युक्तियुक्त कारणों एवं साक्ष्यों के साथ आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए संबंधित विद्यालय की आईडी से परिषद के पोर्टल पर ऑनलाइन प्रत्यावेदन भेजना होगा।
आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 21 नवंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त होने वाले किसी भी प्रत्यावेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। विद्यार्थियों और विद्यालयों को निर्धारित समयसीमा में सूची का अवलोकन कर आपत्ति दर्ज कराने की सलाह दी गई है।