माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 12 मार्च को समाप्त हो रही हैं। 17 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू होगा। बोर्ड ने मूल्यांकन की तैयारी शुरू कर दी है। पहली बार मूल्यांकन कार्य सीसीटीवी की निगरानी में होगा। बोर्ड ने मूल्यांकन केंद्रों की सूची के साथ सीसीटीवी लगाने के आदेश भी जारी कर दिए हैं। रुहेलखंड परिक्षेत्र में 32 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। बरेली में पांच केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य होगा। जिसमें दो केंद्रों पर इंटरमीडिएट का मूल्यांकन होगा। बरेली में इंटरमीडिएट का मूल्यांकन राजकीय इंटर कॉलेज और एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज में होगा। हाईस्कूल का मूल्यांकन बिशप मंडल इंटर कॉलेज, गुलाब राय इंटर कॉलेज और मनोहर भूषण इंटर कॉलेज में होगा। मूल्यांकन कार्य पंद्रह दिन में पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। परीक्षकों की सूची भी तैयार हो गई है। 13 मार्च तक बरेली और मुरादाबाद मंडल के डीआईओएस को परीक्षकों की सूची भी जारी कर दी जाएगी। मूल्यांकन में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो सके, नकल माफिया की घुसपैठ रोकने के लिए सीसीटीवी अनिवार्य किए गए हैं।