फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीलीभीत: बच्चा चोर के शोर में पिट गई यूपी 100 पुलिस, परिजनों ने कहा- गलतफहमी हो गई

Sat, 31 Aug 2019 02:24 PM IST
शाहरुख खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पीलीभीत
विज्ञापन
भीड़ ने पुलिस को पीटा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बच्चा चोर को लेकर पीलीभीत जिले में मचा शोर बढ़ता जा रहा है। राजीव कॉलोनी में मजदूर की पिटाई के बाद अब पुलिस भी इस अफवाह का शिकार हो गई। शुक्रवार रात सेहरामऊ उत्तरी के गांव सौंधा में बच्चा चोर को खेत में घेरने की सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस पहुंची। 
विज्ञापन


पड़ताल में मामला अफवाह निकल गया। इसपर पुलिस ग्रामीणों को समझाने लगी तो भीड़ आक्रोशित होकर पुलिस पर टूट पड़ी। पुलिस कर्मियों को पीटा और गाड़ी तोड़ दी। 

रात में ही डीएम-एसपी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और सख्त कार्रवाई की। एसपी मनोज सोनकर ने बताया कि प्रधान समेत दस लोग पकड़ लिए गए है। उनको जेल भेजा जा रहा है। 
विज्ञापन


तमंचा भी बरामद हुआ है। इसके बाद शनिवार को जिला महिला अस्पताल में पुलिस द्वारा मेडिकल परीक्षण कराने लाई गई मानसिक महिला को बच्चा चोर कहकर घेर लिया। पुलिस ने मुश्किल से उसे बचाया। 

बच्चा चोरी के शक में मजदूर की पिटाई

इससे पहले शहर से सटी राजीव कॉलोनी में बृहस्पतिवार रात बच्चा चोरी के शक में नशे में धुत पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के रूरिया गांव के राजू की भीड़ ने पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर दोनों पक्षों से बातचीत की तो बच्चा चोरी का यह मामला अफवाह निकला। 

बच्चों के परिजन ने भी गलतफहमी में उसकी पिटाई करने की बात कहकर कार्रवाई से इंकार कर दिया। फिलहाल सुनगढ़ी पुलिस ने पकड़े गए मजदूर का शांतिभंग की आशंका में चालान किया है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के राजीव कॉलोनी निवासी सूरजपाल का सात वर्षीय पुत्र ऋषि भारती बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे कॉलोनी के बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। 

इसबीच बच्चा चोरी का शोर मच गया कि एक युवक 50 रुपये का लालच देकर बच्चे को साथ ले जाने की कोशिश कर रहा है। शोर मचते ही भीड़ जमा हो गई और युवक को पकड़कर पीट दिया। 

उधर बीसलपुर में भोपाल की एक युवती शुक्रवार सुबह अपने प्रेमी को तलाशते हुए यहां एक मोहल्ले में पहुंची तो लोगों ने उसे बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में हकीकत सामने आने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया।

शुक्रवार सुबह सुभाषनगर के बेनीपुर चौधरी गांव में मंदिर पर बच्चों के पास बैठे मानसिक मंदित युवक को लोगों ने बच्चा चोर के शक में पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस उसे सुभाष नगर थाने ले आई। यहां पता लगा कि वह जौनपुर का निवासी है। 

मानसिक संतुलन ठीक न होने पर भटककर यहां आ गया है। जौनपुर पुलिस के जरिये परिवार को सूचना दी गई। बात साफ हुई कि युवक करीब 25 दिन पहले घर से कार लेकर निकला था। उसके पिता सरकारी सेवा में हैं और कुछ समय पहले उनका एक्सीडेंट हो गया है। परिवार से तस्दीक के बाद उसे जीआरपी स्टाफ के साथ टिकट दिलाकर जौनपुर जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया गया। 

इज्जत नगर थाना क्षेत्र के संजय नगर बीडीए कॉलोनी में भी ऐसे ही एक युवक को भीड़ ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। लोगों ने युवक को पकड़कर यूपी 100 को कॉल कर दिया। पुलिस थाने लाई तो युवक ने अपना नाम सलीस हैदर बताया। 

वह हाफिजगंज के गांव हरहरपुर मटकली का निवासी है। सलीस के मुताबिक 15 दिन पहले उसके पड़ोसी की पत्नी दो बच्चों के साथ लापता हो गई थी। उसकी मदद के लिए वह भी महिला को खोज रहा था। 
 
विज्ञापन

बताया कि महिला के संजय नगर में होने की सूचना मिली थी, वह महिला और बच्चों के फोटो लेकर वहां पहुंचा लेकिन महिला उसे नहीं मिली। इस पर आसपास के लोगों ने उसके हाथ में बच्चों के फोटो देखकर उसे बच्चा चोर समझ लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि सलीस की तस्दीक की जा रही है। अभी तक उस पर कोई आरोप साबित नहीं हो सका। सलीस ने बताया कि वह गांव का ताजियेदार है। 

दोहना में मानसिक मंद को बच्चा चोर समझ बैठे 
भोजीपुरा के गांव दोहना पीतमराय में शुक्रवार सुबह एक मानसिक मंद युवक गांव की गलियों में घूम रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक वह घरों में ताकाझांकी कर रहा था। कुछ लोग उसकी पिटाई के मूड में थे पर बाद में पुलिस की अपील पर गौर कर भोजीपुरा थाने में सूचना दी। सूचना पर एसएचओ मनोज त्यागी फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के कब्जे से युवक को लेकर पुलिस थाने पहुंची। युवक से पूछताछ की लेकिन वह बिल्कुल बोल ही नहीं रहा। पुलिस ने उसे थाने में ही बैठा रखा है।

आंवला में बच्चा चोर बताकर विक्षिप्त को पीटा, पांच को जेल भेजा
आंवला में शुक्रवार सुबह बिहार के जिला वैशाली के थाना क्षेत्र महुआ के गांव अब्दलपुर का संजीव पासवान पुराना तिराहे पर विक्षिप्त हालात में घूम रहा था। यह देखकर कुछ लोगों ने उसको बच्चा चोर समझकर डंडों से पीटना शुरू कर दिया। मौके पर पुलिस ने बेहटा चौहान के भारत पहलवान बजरिया निवासी अजीम, कामिल, सहामीर और फूटा दरवाजा के आमिर को हिरासत में ले लिया। 

कोतवाल सुनील कुमार ने बताया कि विक्षिप्त व्यक्ति को मारने वाला अजीम घंटा चोरी करने में जेल जा चुका है। आमिर पर भी तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। भारत पहलवान इससे पूर्व लोगों को उकसाकर जाम लगवा चुका है। बताया कि दरोगा बृजपाल सिंह की ओर से मारपीट और बलवे की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें