फैजुल्लापुर गांव की खेतान फैक्ट्री के सामने बेकाबू यूपी 100 की गाड़ी ने निजी स्कूल की वैन को बुधवार दोपहर साढ़े तीन बजे टक्कर मार दी। पीछे से आ रही एक बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त स्कूल वैन में भिड़ गई। हादसे के बाद स्कूल वैन में चीख-पुकार मच गई। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े और शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला गया। घायल बच्चों को नवाबगंज के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि एक गंभीर छात्र को बरेली के निजी अस्पताल रेफर किया गया। बच्चों के परिवारवालों ने यूपी 100 पुलिसकर्मियों पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
गांव चमरौआ मुझैना स्थित स्कूल केएस इंटरनेशनल की निजी स्कूल वैन छुट्टी के बाद टीचरों और बच्चों को लेकर बीमामऊ गांव जा रही थी। बुधवार दोपहर साढ़े तीन बजे फैजुल्लापुर गांव की खेतान फैक्ट्री के पास सामने की तरफ से तेज गति से आ रही पुलिस की यूपी 100 की गाड़ी नंबर 25 ने वैन में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे के बाद वैन सड़क से नीचे उतर गई। इसके बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
शीशे तोड़कर निकाले बच्चे
ग्रामीणों ने वैन के शीशे तोड़कर उसमें फंसे स्कूली बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में छात्र आकाश (8), प्रमल (6), निर्मल (5), सत्यम (9), निशा (10), संजना (5), सहजल (8), श्रवण (5), करन (5) के अतिरिक्त अध्यापक सूर्य प्रकाश, राम सिंह व अंजू गंगवार और ड्राइवर चालक कैलाश चंद्र घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से नवाबगंज के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। छात्र आकाश सहित दो की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में यूपी 100 गाड़ी के ड्राइवर वेदपाल और सिपाही इम्तियाज भी घायल हो गए। वहीं, पीछे से आ रही एक बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त स्कूल वैन में भिड़ गई। इस पर सवार पीलीभीत निवासी शिवम् और उनके साथी भी घायल हो गए।
रोशनी पूरी थी, फिर कैसे भिड़ गईं गाड़ियां
हादसे के बाद छात्रों के परिवार के लोग आपा खो बैठे। उन्होंने ने यूपी 100 के ड्राइवर पर शराब पीकर गाड़ी तेज गति से चलाने के आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। परिवार के लोग बोले, सिंगल रोड पर रोशनी कम नहीं थी, फिर आमने-सामने से भिड़ंत कैसे हो गई। परिवार के लोग पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। हाफिजगंज थाने की पुलिस ने पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराकर रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए।
मारपीट की खबर पर सोरहा गांव जा रही थी पुलिस की गाड़ी
यूपी 100 की गाड़ी की ड्यूटी फैजुल्लापुर मोड़ पर थी। ड्र्राइवर वेदपाल के मुताबिक, लखनऊ कंट्रोल रूम से उन्हें गांव सोरहा में मारपीट होने की सूचना मिली थी। वे गांव की तरफ जा रहे थे। सिंगल लाइन रोड थी। यूपी 100 के ड्राइवर के मुताबिक, स्कूल वैन के अचानक सामने आने से वह संभल नहीं सका और हादसा हो गया। ड्राइवर वेदपाल और सिपाही इम्तियाज के सिर और मुंह पर चोट आई हैं। उन्हें टांके लगाए गए हैं।
आग का गोला बनने से बची स्कूल वैन
स्कूल वैन एलपीजी गैस पर चल रही थी। हादसे के बाद ग्रामीणों में चर्चा रही कि अगर सिलेंडर में आग लगती तो बड़ा हादसा हो जाता। वैन पूरी तरह से बंद थी। टीचर आगे की सीट और बच्चे पीछे की बैठे थे।
वर्जन
सिंगल रोड पर हादसा हुआ है। पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया जा रहा है। परिवार के लोगों की तरफ से तहरीर नहीं आई है। अगर वे पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराना चाहेंगे तो कार्रवाई होगी। फिलहाल सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- ख्याति गर्ग, एसपी देहात