रुहेलखंड विश्वविद्यालय में अब तक रेगुलर परीक्षा फार्म की गुत्थी सुलझी नहीं है और प्राइवेट परीक्षा फार्म भरने का समय आ गया है। 15 दिसंबर से प्राइवेट परीक्षा फार्म भरे जाएंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय में तैयारियां तेज हो गई हैं।
रेगुलर परीक्षा फार्म की प्रोसेसिंग फीस को लेकर आए दिन हंगामा हो रहा है। विद्यार्थियों की मांग है कि 200 रुपये प्रोसेसिंग फीस ज्यादा है, इसे कम किया जाए। विद्यार्थियों को उम्मीद है कि शुक्रवार को लखनऊ में होने वाली वित्त समिति की बैठक के बाद फीस जरूर कम होगी। हालांकि, इसके बाद भी ऑनलाइन फार्म लगातार भरते जा रहे हैं। बृहस्पतिवार शाम तक दो लाख 42 हजार 690 फार्म भर चुके थे। अब 15 दिसंबर से प्राइवेट फार्म भी भरे जाने हैं। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के लिए बड़ी समस्या प्राइवेट परीक्षा फार्म की होती है, क्योंकि प्राइवेट विद्यार्थियों की संख्या काफी ज्यादा होने की वजह से ऑनलाइन की व्यवस्था संभालना भी मुश्किल होता है। इसलिए, विश्वविद्यालय ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। यहां बता दें कि पिछली बार प्राइवेट फार्म में ही सबसे ज्यादा फर्जीवाड़ा सामने आया था। पहली बार प्राइवेट फार्म ऑनलाइन होने के बाद कुछ सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।