फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: यूनिवर्सिटी का छात्र खनन अधिकारी की गतिविधियों की देता था जानकारी

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। बहेड़ी में नवीन मंडी के पास से दबोचे गए पांच लोकेटरों ने जो खुलासा किया है, उससे खनन अधिकारी ही नहीं, पुलिस भी हैरत में है। लोकेटरों के साथ एक नामचीन यूनिवर्सिटी का छात्र सोहेल 24 घंटे खनन अधिकारी के आवास से लेकर कलक्ट्रेट तक घूमकर उनसे जुड़ी पल-पल की सूचना साथियों को देता था। अनूप गुप्ता इस सूचना को व्हाट्सएप ग्रुप पर अपडेट कर अन्य साथियों तक पहुंचाता था। पुलिस उसके मोबाइल को जांच कर रही है। बहेड़ी सीओ अरुण कुमार का कहना है कि सोहेल उर्फ सोहिल की पैरवी में उनके पास कई फोन कॉल आई हैं।
विज्ञापन

खनन अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि नामजद पांचों लोकेटर अवैध खनन के परिवहन के दौरान रेकी करते हैं। ट्रकों-डंपरों को भगाने में वाहन चालकों का सहयोग करते हैं। घटना के दौरान सोहेल, अजरुद्दीन, नियासुद्दीन, अनूप और सहरुद्दीन तीन कारों में सवार थे। इन लोकेटरों ने वाहन चालकों से कहा था कि जो भी अधिकारी-कर्मचारी ट्रक रोकने का प्रयास करे, उसे कुचलकर भाग जाना।
सीओ बहेड़ी ने बताया कि लोकेटरों के मोबाइल फोन की कॉल और व्हाट्सएप ग्रुपों को खंगाला जा रहा है। लोकेटरों ने अवैध खनन और उसके परिवहन में काफी मजबूत सूचना तंत्र विकसित कर रखा था। इनके व्हाट्सएप ग्रुप में बदायूं में अवैध खनन के विरुद्ध सख्ती बरते जाने और बरेली में भी जिला प्रशासन की सख्ती बरतने संबंधी मेसेज देखने को मिले हैं। उत्तराखंड से यूपी में उप खनिजों के अवैध परिवहन को लेकर व्हाट्सएप ग्रुप पर लंबी चैट की गई है। सोहेल उर्फ सोहिल खनन अधिकारी की प्रत्येक गतिविधि की खबर अपने साथियों को व्हाट्सएप ग्रुप पर या कॉल करके देता था।
विज्ञापन


डीएम से हुई थी शिकायत
बताया जा रहा है कि नैनीताल हाईवे से ओवरलोड वाहन निकलने और अवैध खनन होने की शिकायत बुधवार को तहसील दिवस में डीएम से हुई थी। डीएम के निर्देश पर उत्तराखंड-यूपी की सीमा पर गांव आमडंडा के पास हाईवे पर टोल से 100 मीटर पहले टेंट लगाकर चेकिंग अभियान शुरू हुआ है।
10 महीने में 392 वाहनों पर कार्रवाई
खनन अधिकारी ने बताया कि अप्रैल 2025 से अब तक 392 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। संंबंधित लोगों से 1.77 करोड़ रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया है। एक से 13 जनवरी 2026 तक 31 वाहनों पर कार्रवाई हुई है। संबंधित लोगों से अर्थदंड के 12.06 लाख रुपये वसूले गए हैं। संवाद
-
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
गुड़वारा निवासी नाजिम व मोहम्मद कमर, डोहरिया निवासी सलमान व कासिम, जादौपुर निवासी करन सिंह, महेशपुरा के चांद, शेरगढ़ के मो. नसीम, शाहजहांपुर जिले के तिलहर के विकास, पीलीभीत के दियूरिया कला निवासी हेल्पर फुरकान, मिर्जापुर रंजीत निवासी अनुज, सुरला के साकिर, आनंदीपुर के राजेश व हेल्पर मुस्तफा, पट्टी दियावाली के दान सिंह, पचदौरा दौहरिया के इमरान, सलमान व निजाम, मुरादपुर के मुजीब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सोहेल, अजरुद्दीन, नियासुद्दीन, अनूप गुप्ता और सहरुद्दीन का पता अज्ञात दिखाया गया है। इनके साथ ही 21 लोडर वाहनों के चालकों के विरुद्ध अज्ञात में एफआईआर हुई है।
इनको पुलिस ने किया गिरफ्तार

डोहरिया निवासी सलमान व कासिम, गुड़वारा के नाजिम व मो. कमर, जादौपुर के करन सिंह, महेशपुरा के चांद, टांडा कस्बे के मो. नसीम, करमपुर चौधरी के सुनील, तिलहर कस्बे के विकास, पीलीभीत के दियूरिया कला का फुरकान, पट्टी दियावाली के दान सिंह, मिर्जापुर रंजीत के अनुज, सुरला के साकिर, आनंदीपुर के राजेश, कंजादासपुर के मुस्तफा, पचदौरा दौहरिया के इमरान, सलमान व निजाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुरादपुर के मुजीब, कंजादासपुर के सोहेल, अजरुद्दीन व नियासुद्दीन उर्फ रहसुद्दीन, वीर सावरकरनगर के अनूप गुप्ता उर्फ अनु कुमार गुप्ता एवं बिहारीपुर के सहरुद्दीन को भी पुलिस ने दबोच लिया है। इन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, वहां से इनको जेल भेज दिया गया।
-
ओवरलोड वाहनों को सीमा पार कराता है सिंडीकेट, जून 2023 और जनवरी 2024 में भी दो एआरटीओ पर हुआ था हमला
बरेली। जिले में डग्गामारी और ओवरलोड वाहनों को सीमा पार कराने के लिए लोकेटरों का सिंडीकेट काम कर रहा है। इस गैंग में कुछ ट्रांसपोर्टर और बालू-बजरी के कारोबारी भी शामिल हैं। जून 2023 में तत्कालीन एआरटीओ प्रवर्तन संदीप जायसवाल और फिर जनवरी 2024 में एआरटीओ राजेश कर्दम पर भी कातिलाना हमला हो चुका है।

एआरटीओ संदीप जायसवाल पांच जून 2023 को ओवरलोड वाहनों का पीछा कर रहे थे। इस दौरान नवदिया झादा के पास उनकी कार को लोकेटर गैंग के सदस्यों ने घेर लिया था। वह गाड़ी से उतरे तो उनको कुचलने की कोशिश की गई थी। उस समय एआरटीओ के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने भोजीपुरा निवासी आरिफ को दबोच लिया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि आरिफ लोकेटर गैंग का सदस्य है। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कुछ दिन तक इस गैंग की गतिविधियां थम गईं, लेकिन बाद में फिर गिरोह सक्रिय हो गया।
इसके बाद 18 जनवरी 2024 को एआरटीओ राजेश कर्दम को वाहन चेकिंग के दौरान कार से कुचलने की कोशिश की गई थी। इस मामले में भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिले में अब एक बार फिर लोकेटर गैंग सक्रिय हो गया है। यह गैंग बालू, बजरी से भरे ओवरलोड वाहनों के काफिलों को प्रवर्तन टीमों की लोकेशन देता है। पकड़े जाने पर अधिकारियों पर जानलेवा हमले से भी नहीं चूकता। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें