बरेली। पिछले दिनों बायोमीट्रिक हाजिरी से रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुछ कर्मचारी और शिक्षकों को छूट दिए जाने पर कर्मचारियों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी। उन्होंने एकतरफा व्यवस्था का आरोप लगाते हुए सभी की उपस्थिति रजिस्टर से दर्ज कराने की मांग की थी। मांग पूरी न होने पर सामूहिक बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी। अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी को बायोमीट्रिक हाजिरी के दिशानिर्देश दिए हैं।
कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार की ओर से आदेश में कहा गया है कि विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, अपनी उपस्थिति प्रशासनिक भवन और विभागों में स्थापित फेस रीडर बायोमीट्रिक मशीन के जरिये दर्ज कराना अनिवार्य है। विभाग के सभी शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपने-अपने विभागीय समयानुसार सुबह नौ बजे से सुबह साढ़े दस बजे तक और दोपहर तीन बजे से साढ़े चार बजे के बीच दर्ज कराएंगे। प्रशासनिक भवन में तैनात सभी अधिकारी, कर्मचारी सुबह दस बजे से साढ़े दस बजे तक और शाम साढ़े चार बजे उपस्थिति दर्ज कराएंगे। सभी को प्रवेश और कार्य समाप्ति के बाद उपस्थिति दर्ज करानी है।