बरेली। कोरोना संक्रमितों की बढ़ती तादाद को देखते हुए शासनादेश के तहत डीएम मानवेंद्र सिंह ने 30 जनवरी तक विश्वविद्यालय से लेकर प्राइमरी स्तर तक के सभी शिक्षण संस्थान पूर्णतया बंद रखने का आदेश दिया है। इस दौरान ऑनलाइन पढ़ाई और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा।
डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया है। किसी तरह की कोताही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी है। दरअसल, कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर हावी होने के बावजूद कई प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल विद्यार्थियों को स्कूल बुलाकर गुपचुप पढ़ाई करा रहे थे। इससे बच्चों, शिक्षकों और स्टाफ में संक्रमण बढ़ रहा था। पिछले कुछ दिनों से लगातार विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य स्टाफ के संक्रमित मिलने के बाद शासन ने 30 जनवरी तक सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालय को बंद करने का आदेश दिया है।
उधर, रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के आयोजन को लेकर एक बार फिर असमंजस की स्थिति बन गई है। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक ऑनलाइन आयोजन की अनुमति राजभवन से मिल चुकी है। लिहाजा, राजभवन से प्राप्त दिशानिर्देश के तहत ही दीक्षांत समारोह कराया जाएगा। इस दौरान मेधावियों को मेडल से नवाजे जाने के दौरान कोविड प्रोटोकाल के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।