शहर की डेलापीर फल मंडी में इन दिनों अनोखा अमरूद आया है। इस अमरूद का वजन छह सौ ग्राम से लेकर 750 ग्राम है। यह अमरूद स्वाद में अमरूद और सेब का मिश्रण लगता है। गूदे से भरपर, बहुत कम बीज वाला और लाइफ भी सामान्य अमरूद से लंबी। यह अमरूद थाइलैंड में पाया जाता है। शादी बारातों के अलावा आम ग्राहकों में भी अमरूद का जबरदस्त क्रेज है।
सामान्य अमरूद की कीमत जहां 30 से 40 रुपये प्रति किलो है, वहीं थाइलैंड में पाए जाने वाले इस अमरूद की कीमत दिल्ली की आजादपुर मंडी में 100 से 120 रुपये किलो है जबकि बरेली की मंडी में फल विक्रेता अपनी सुविधा के हिसाब से 140 से लेकर 160 रुपये प्रति किलो तक बेचते हैं। अमरूद की खास बात यह है कि यह आठ दिन तक सड़ता नहीं जबकि सामान्य अमरूद दो दिन में सड़ जाता है। मंडी दुकानदार की मानें तो थाइलैंड का अमरूद स्पेशल आर्डर देने पर मंगाया जाता है। आमतौर पर यह फाइव स्टार होटलों के खाने के मीनू में होता है लेकिन सामान्य लोग इसे फल मंडी से भी खरीद सकते हैं। अमरूद का पौधा पीलीभीत में भी उगाया जा रहा है। अमरूद का पौधा ताइवान और लखनऊ 49 की क्वालिटी से मिलकर बना है। बरेली की डेलापीर मंडी में यह अमरूद पहले 10 किलो बिक्री के लिए आया था लेकिन अब यह एक से दो क्विंटल तक रोजाना बिक रहा है। बरेली के बाशिंदों की जुबान पर इस अमरूद का स्वाद धीरे-धीरे चढ़ रहा है।