परीक्षार्थियों की भीड़ के आगे ध्वस्त हुईं व्यवस्थाएं, कुछ बिना मास्क भी पहुंचे
बरेली। कोरोना का खतरे होने के बावजूद संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा छूटने के बाद सामाजिक दूरी का अनुपालन तार-तार दिखाई दिया। परीक्षा केंद्र में जाते वक्त को कोरोना के बचाव को इतना ध्यान रखा गया कि परीक्षार्थियों की तलाशी तक नहीं ली गई और जब परीक्षा छूटी तो छात्रों की बेकाबू भीड़ धक्कामुक्की करती नजर आई। बरेली कॉलेज समेत तमाम परीक्षा केंद्रों पर यही हाल रहा। तमाम परीक्षार्थी तो बिना मास्क लगाए ही केंद्रों पर पहुंच गए।
रविवार को 41 केंद्रों पर संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 18 हजार से ज्यादा परीक्षार्थियों को शामिल होना था। सुबह 9.30 से 11.30 बजे और दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक दो पालियों में यह परीक्षा हुई। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए सभी परीक्षार्थियों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही केंद्रों पर प्रवेश दिया गया और इस वजह से तलाशी भी नहीं ली गई। परीक्षार्थियों को अनुचित सामग्री न ले जाने की चेतावनी देकर अंदर जाने दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर कोविड के नियमों का बखूबी पालन कराया गया लेकिन जब परीक्षा छूटी तो केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों और उनके साथ आए लोग व वाहनों की वजह से भीड़ लग गई। भीड़ के कारण निकलना मुश्किल हुआ तो जमकर धक्कामुक्की भी हुई। बरेली कॉलेज और जीआईसी समेत अन्य केंद्रों के बाहर भीड़ धक्कामुक्की करती नजर आई।
बाहर ही जमा कराया मोबाइल सहित अन्य सामान
मोबाइल, स्मार्ट घड़ी सहित दूसरे कीमती सामान को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी। इसके लिए परीक्षार्थियों के सामान को बाहर ही जमा कराने की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा छूटने के बाद ये सामान वापस लेने के लिए भी काउंटर पर परीक्षार्थियों की लंबी लाइन लगी रही।
होटल से परहेज, घर से ही बनवाकर लाए खाना
रविवार को आयोजित परीक्षा दो पालियों में होनी थी और इस समय कोरोना संक्रमण का खतरा चल रहा है। इस वजह से अधिकांश परीक्षार्थियों के परिवार वाले घर से ही खाना बनाकर लाए थे ताकि उन्हें बाहर का भोजन न खाना पड़े।