बहेड़ी। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने करोड़ों रुपये की लागत से पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाई जाने वाली सड़कों का लोकार्पण किया है। साथ ही सड़कों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने पर पीडब्ल्यूडी को कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इस दौरान उन्होंने ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित भी किया।
वाणिज्य, उद्योग, सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री जितिन प्रसाद ने लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित की गई 53 सड़कों के पुनर्निर्माण का लोकार्पण किया है। उनके साथ एमएलसी महाराज सिंह ने भी इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाई।
ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जितिन प्रसाद ने कहा कि यह तो केवल एक शुरुआत है। अभी तमाम सारे काम होने बाकी है। बहेड़ी विधानसभा का नक्शा बदलने का काम अब शुरू हो चुका है। गांव से लेकर लिंक मार्ग और मुख्य मार्ग सभी चकाचक किए जाएंगे। जिन मार्गों का चौड़ीकरण होना है। शीघ्र ही प्रस्ताव पास कराकर उनका काम भी शुरू किया जाएगा।
नदेली रोड केसर रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित अंडरपास का निर्माण भी शीघ्र होगा। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को मंच पर बुलाकर कहा कि बहेड़ी विधानसभा में भाजपा के विधायक नहीं है तो इसका मतलब यह नहीं है कि सड़कों का काम नहीं होगा।
अगर इसके निर्माण में गुणवत्ता से संबंधित शिकायत आई तो वह जांच करने से पीछे नहीं हटेंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने हमारी ओर आंख उठा कर देखा था। पहलगाम में यात्रियों को मारा। हमने पाकिस्तान को उसके घर में घुस के मारा।
इसके बाद जितिन प्रसाद रामलीला परिसर स्थित हिरदेश पंडित के निवास पर उनके बड़े भाई के निधन पर शक व्यक्त करने पहुंचे। यहां से शाहपुर दांडी में जन संवाद कार्यक्रम किया और फिर दिल्ली लाैट गए।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अमरिंदर सिंह गोल्डी, शेरगढ़ के ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र गंगवार, केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि रवि मल्होत्रा, सांसद प्रतिनिधि महेश चंद्र शर्मा, सुनील गंगवार आदि रहे। संवाद