बरेली। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड (सीएम ग्रिड) योजना के तहत बुधवार को भूमिगत नाले की खोदाई का काम शुरू कर दिया गया है। कुष्ठ आश्रम रोड की मिट्टी जांच में उपयुक्त पाई गई। वहीं हवा के दबाव के बल को भी इंजीनियरों ने मापा है।
सीएम ग्रिड योजना के तहत सीवरेज व यूटीलिटी डक्ट के लिए डीडीपुरम रोड पर खोदाई चल रही है। कुष्ठ आश्रम रोड पर यह कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। बुधवार को कार्यदायी एजेंसी ने भूमिगत नाले की खोदाई का काम भी कुष्ठ आश्रम रोड से शुरू किया है। नाले को सीवर लाइन के कुछ दूरी पर बनाया जा रहा है। इसके लिए इंजीनियरों की टीम ने मिट्टी नमी और परीक्षण किया है। मिट्टी में कैल्शियम कार्बाइड (शोषक) की प्रतिक्रिया से विकसित गैस के दबाव से पानी की मात्रा नाले के लिए सही पाई गई। प्रेशर गेज से पानी बहाव के लिए हवा के दबाव के बल को मापा गया। इन दोनों ही मानकों में कुष्ठ आश्रम की मिट्टी नाले के लिए उपयुक्त पाई गई है। इसके बाद 700 मीटर नाले की खोदाई का काम शुरू कर दिया है। संवाद
-
- मिट्टी का परीक्षण कर लिया गया है। दो तरह के परीक्षण में मिट्टी को उपयुक्त पाया गया है। सात सौ मीटर नाले के लिए खोदाई का काम शुरू कर दिया है।
- संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त