पान खरीदने हाफिजगंज जा रहे थे दोनों, टक्कर मारने के बाद मैजिक भी खाई में जाकर पलटी
हाफिजगंज। पान खरीदने हाफिजगंज जा रहे दो दोस्तों की बाइक को बेकाबू मैजिक ने पीलीभीत-बरेली हाईवे पर सुड़ियावा मढ़ी के पास रौंद दिया। जोरदार टक्कर मारने के बाद मैजिक भी सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोग पहुंचे, इससे पहले मैजिक चालक मौके से भाग निकला। लोगों ने दोनों दोस्तों को निकला। एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। पुलिस ने मैजिक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।
थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव हरदुआ निवासी मोहम्मद अहमद पान बेचने का काम करते है। शुक्रवार सुबह छह बजे उनका 17 वर्षीय बेटा हसन बाइक से पड़ोस में रहने वाले दोस्त अमन (16) पुत्र मुमताज के साथ हाफिजगंज थोक मंडी से पान खरीदने जा रहा था। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर सुड़ियावा मढ़ी के पास सामने से आई तेज रफ्तार मैजिक ने जोरदार टक्कर मार दी। बाइक को रौंदते हुए मैजिक सड़क के दूसरी तरफ जाकर खाई में पलट गई। चीख पुकार मचने पर आसपास के लोग दौडे़ और गाड़ी में फंसे दोनों किशोरों को निकाला। हसन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल अमन को जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में अमन ने भी दम तोड़ दिया। दो दोस्तों की मौत की खबर पहुंची तो गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन ने बताया कि हसन दो भाइयों में बड़ा था। वह गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में आठवीं का छात्र था। वहीं अमन नवाबगंज के एसएसटी कॉलेज में कक्षा नौ में पढ़ता था।
सूचना के एक घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस
हादसे की सूचना लोगों ने थाना पुलिस को दी तो उसे भी घटनास्थल पर पहुंचे में करीब पौन घंटा लग गया, इसके बाद एंबुलेंस को बुलाया गया तो एंबुलेंस भी करीब एक घंटे बाद पहुंची। इस दौरान घायल दर्द से तड़पता रहा। इसके बाद एंबुलेंस आई और घायल अमन को लेकर जिला अस्पताल के लिए निकली, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। लोगों का कहना है कि सूचना देने के बाद ही अगर एंबुलेंस पहुंच जाती तो अमन की जान बचाई जा सकती थी।
दोनों का साथ ही बीतता था समय, मौत भी आई एक साथ
हसन और अमन की दोस्ती इतनी गहरी थी कि पूरे गांव में इसकी चर्चा थी। उनका अधिकांश समय एक साथ ही बीतता था। जहां भी जाते थे साथ ही जाते थे। शुक्रवार को भी दोनों साथ निकले और मौत के आगोश में समा गए।
सोशल मीडिया पर डाला वीडियो बना संयोग
हसन ने कुछ दिन पहले एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला था, जिसमें कही उसकी बातें संयोग से सच हो गई। अचानक हुए इस हादसे से वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, जिस हसन कह रहा कि वह दो भाई हैं, एक को कुछ हो भी जाता है तो एक रहेगा।