सीतापुर के लहरपुर थाना क्षेत्र से लखीमपुर खीरी आ रही बरात में शामिल एक कार अनियंत्रित होकर शारदा नहर में गिर गई। कार में छह बराती सवार थे। इनमें से चार तो तैरकर बाहर आ गए, जबकि दो अभी लापता हैं। घटना गुरुवार रात करीब आठ बजे घटी। अंधेरा होने के कारण पुलिस बचाव अभियान नहीं चला सकी।
सीतापुर जिले के थाना लहरपुर क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर मजरा रायपुर निवासी फखरुद्दीन ने बताया कि गांव से एक बरात सदर कोतवाली क्षेत्र की पुलिस चौकी शारदानगर के गांव पकरिया आ रही थी। बरात रमही पुल होते हुए जा रही थी। खीरी के गांव मझरा के पास बरात की एक कार बेकाबू होकर शारदा नहर में गिर गई।
कार में फखरुद्दीन, शाबान, मोहम्मद रफीक, मोहम्मद फारूक, शहनवाज और जैद सवार थे। इनमें से शहनवाज और जैद लापता हैं। बाकी लोग तैरकर निकल आए। सूचना पाकर मौके पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे खीरी थाने के प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत ने लापता लोगों की तलाश शुरू कराई, लेकिन अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान रोकना पड़ा।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत ने बताया कि लापता दोनों बरातियों की तलाश में सुबह होते ही गोताखोरों को लगाया जाएगा।