बरेली। मिनी बाईपास पर मठ लक्ष्मीपुर चौराहे के पास होटल के बाहर खड़े तीन लोगों को बेकाबू कार ने रौंद डाला। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना भोजीपुरा के कुंआडांटा निवासी 50 वर्षीय छोटे लाल गंगवार उर्फ बाबूराम बरेली कॉलेज की लाइब्रेरी में कर्मचारी थे। वह यहां विपिन अस्पताल के पीछे अप्पू कॉलोनी में रहते हैं। शाम को रोजाना खाना खाने के बाद टहलने के लिए आते थे। रविवार को करीब 8.30 बजे वह टहलने के लिए घर से निकले थे। मठ लक्ष्मीपुर चौराहे पर वह आकर बैठ गए। उनके साथ जनक जागीर, थाना भोजीपुरा के रहने वाले नौनीराम और मठ लक्ष्मीपुर रोड मनोज कुमार होटल के बाहर बैठे थे। इस दौरान बेकाबू इंडिका कार ने आकर तीनों को रौंद दिया। हादसे में छोटेलाल गंगवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नौनीराम और मनोज जख्मी हो गए। हादसे के बाद चालक कार को लेकर भाग गया। पुलिस ने कार का नंबर पता कर लिया है। एसओ सतेंद्र यादव ने बताया कि कार चालक शायद नशे में था। उसके खिलाफ मुकदमा लिखकर कार को कब्जे में लिया जाएगा। शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार को सौंप दिया जाएगा।
फिल्मी अंदाज में हुआ हादसा
-मठ लक्ष्मीपुर चौराहे पर बुजुर्ग की जान लेने वाली बेकाबू कार फिल्मी अंदाज में आई। हादसे के बाद चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। कई बच्चे चीखते हुए अपने घरों में जाकर दुबक गए। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर कार की तलाश कराने के लिए वायरलैस भी कराया, लेकिन अभी तक पकड़ में नहीं आई है।