बरेली के अलीगंज क्षेत्र में लापता छात्रा का शव खेत से निकाल लिया गया। पुलिस ने उसके चाचा को हिरासत में लिया है। मामला ऑनर किलिंग का बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
बरेली के थाना अलीगंज इलाके के गांव हाफिजगंज में आन की खातिर युवक ने अपनी भतीजी की हत्या कर दी। सूत्र बताते हैं कि हिरासत में लिए गए चाचा ने हत्या की बात स्वीकार की है। परिवार के अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। फिलहाल शव को चाचा की ही निशानदेही पर खेत में गड्ढा खोदकर निकाल लिया गया है।
विज्ञापन
गांव हाफिजगंज निवासी ग्रामीण प्रेमपाल की 16 साल की बेटी लता का शव मंगलवार दोपहर बाद नायब तहसीलदार दीप्ती पाल और फॉरेंसिक यूनिट प्रभारी सुमेर सिंह की देखरेख में खेत की खोदाई कराकर निकाल लिया गया। खोदाई के दौरान टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट व अन्य साक्ष्य भी जुटाए हैं।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए बरेली भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बुधवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। उधर, चर्चा है कि किशोरी का गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग था। छात्रा के परिजन ने उसे फोन कॉल पर बात करते हुए पकड़ लिया था। इसी के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।