पीलीभीत में आयोजित शादी समारोह में जा रहे मामा-भांजे की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। उनकी बाइक गन्ने से भरे ट्रक से टकरा गई।
पीलीभीत में आयोजित शादी समारोह में जा रहे मामा-भांजे की बाइक पुवायां रोड पर ब्यूर गांव के पास गन्ने से भरे ट्रक से टकरा गई। हादसे में दोनों लोगों की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव सुहेली निवासी हरेंद्र पांडेय का 19 वर्षीय पुत्र सोहन अपनी बहन रेखा देवी के ससुराल पीलीभीत जिले के लिए थाना करेली के गांव कौहारा में गया था। शनिवार को गांव में रिश्तेदार दिनेश चंद्र की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए सोहन वहीं रुक गया था। शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने 16 वर्षीय भांजे विनीत शुक्ला के साथ सिंधौली के मियांपुर के रहने वाले हलवाई की बाइक लेकर निगोही आया था।
एक घंटे तक रुकने के बाद करीब सात बजे दोनों शादी लौट रहे थे। पुवायां रोड पर ब्यूर गांव के पास गन्ने से लदे ट्रक से बाइक सामने से टकरा गई। हादसे में मामा-भांजे की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। टक्कर होने के बाद पुवायां रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और शवों को सीएचसी पर भिजवाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया जा सका। सूचना पर तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।