बहेड़ी। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को गन्ना समिति के कार्यालय पर बैठक की। इस दौरान बकाया गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा उठाया गया।
तहसील अध्यक्ष राजेश गुप्ता उर्फ खन्ना ने बताया कि चीनी मिल की ओर से आए दिन झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद भी अब तक भुगतान नहीं मिला है। इस वजह से किसान परेशान हैं।
नए शैक्षणिक सत्र में एडमिशन शुरू हो गए हैं। गन्ना मूल्य न मिलने से हम अपने बच्चों की फीस जमा नहीं कर पा रहे। प्रदेश सचिव जगत सिंह ने कहा गन्ना भुगतान न मिलने से क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है।
गन्ना समिति के सचिव को ज्ञापन देकर भुगतान की मांग की गई। इस दौरान चेतराम मौर्य, नवल किशोर, सेवाराम, अंकित सक्सेना आदि मौजूद रहे।
-
फरीदपुर में सौंपा ज्ञापन
फरीदपुर। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की मासिक पंचायत के बाद किसानों ने बृहस्पतिवार को एक ज्ञापन एसडीएम फरीदपुर को सौंपा। क्षेत्र के कई किसानों को लंबे समय से किसान सम्मान निधि न मिलने की बात कही। आरोप लगाया कि जमीन की वरासत लेखपाल समय से नहीं करते और किसानों के चक्कर कटवाते हैं। गेहूं क्रय केंद्रों पर नियमानुसार तौल कराने की बात कही। इस दौरान जिला अध्यक्ष चौधरी सोमवीर सिंह, सत्येंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, सुनील यादव, सुरेश यादव आदि किसान मौजूद रहे। संवाद