कार्यक्रम के मंच पर उमा भारती, मंत्री व नेतागण
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
केंद्रीय राज्यमंत्री बोले- लोधी समाज कभी धोखा नहीं देता
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी बचपन में खेल खिलौनों से नहीं तलवार से ही खेला करती थीं। उन्होंने अपनी आख़िरी सांस तक राज्य और राज्य के लोगों के लिए लड़ाई लड़ी। लोधी समाज धोखा तो खा लेगा लेकिन धोखा नहीं देगा। लोधी समाज मेहनतकश समाज है। इतिहासकारों ने अवंतीबाई लोधी के साथ अन्याय किया है। हमारे शहीदों के साथ उन्होंने अन्याय किया है। आज समाज को क्रांतिकारियों की गौरव गाथा को जन-जन तक ले जाना है। गुलामी के चिह्नों को मिटाने का काम सरकार कर रही है, हम सबको एक साथ आकर इसका समर्थन करना चाहिए और महापुरुषों का मान बढ़ाने का काम करना है।
कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी की जयंती पर आंवला में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण उमा भारती ने किया है। यह क्षत्रवासियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने आंवला में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का भी विवरण दिया। कहा कि लोधी समाज सबको साथ लेकर चलने वाला संगठन है। जिसने देश और प्रदेश के विकास में अपना अतुलनीय योगदान दिया है। लोधी समाज ने देश की राजनीति को नई दिशा देने का काम किया है।
अखिलेश पर साधा निशाना
धर्मपाल सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव पीडीए की बात करते हैं, हालांकि उनका पीडीए- परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है। उनके दल में सबकुछ परिवार से ही है। उनकी सरकार में भी परिवार ही सबकुछ है। उनकी पार्टी गुंडों और अपराधियों का संरक्षण करती है। वे पिछड़ों के नामपर केवल परिवार का ही विकास करते हैं। पिछड़ों का सम्मान और स्वाभिमान भाजपा के हाथ ही है। भाजपा ने जो कहा है वो करके दिखाया है।
सांसद एवं अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के अध्यक्ष साक्षी महाराज ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन की पूरी भूमिका कल्याण सिंह और उमा भारती के नेतृत्व में रची गई। उनके ही प्रयासों से आज भव्य मंदिर बनने से पूरे हिंदू समाज का मस्तक आज विश्व में ऊंचा हुआ है। यह लोधी समाज के नेता नहीं थे ये सबके नेता थे। अवंतीबाई ने सन सत्तावन में तलवार उठाई थी। कार्यक्रम को सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया, विधायक एवं अखिल भारतीय लोधी महासभा के अध्यक्ष विपिन कुमार डेविड और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने भी संबोधित किया।