बरेली। बरेली कॉलेज में बीसीए के छात्र से रैगिंग के मामले में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने प्राचार्य से जवाब मांगा है। विगत दिनों एक विद्यार्थी ने छात्रनेता पर मारपीट व रैगिंग करने का आरोप लगाया था।
यूजीसी ने बरेली कॉलेज के प्राचार्य को ई-मेल भेजा है। इसमें रुविवि के कुलसचिव, कुलपति, एसएचओ बारादारी को भी शामिल किया है। पीड़ित छात्र का आरोप है कि छात्रनेता ने उसके साथ रैगिंग की। बाद में छात्रनेता व उसके अन्य साथियों ने उसे परिसर में रोक लिया। छात्रनेता ने तमंचा निकाल लिया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाड़ी में बैठने के लिए कहा। डर की वजह से छात्र भागकर परिसर में बने केंद्रीय पुस्तकालय में चला गया।
पीछा करते हुए छात्रनेता व उसके साथियों ने छात्र को पकड़कर पिटाई कर दी। पीड़ित छात्र ने श्यामगंज पुलिस चौकी और मुख्य नियंता को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। मुख्य नियंता प्रो. आलोक खरे ने छात्रनेता और छात्र से तीन दिन में जवाब मांगा था, जिसमें केवल छात्रनेता ने जवाब देते हुए खुद को निर्दोष बताया था।
यूजीसी से ई-मेल मिला है। एंटी रैगिंग कमेटी प्रकरण की जांच कर रही है। जल्द जवाब भेजा जायेगा। - प्रो. आलोक खरे, मुख्य नियंता, बरेली कॉलेज