बरेली। प्रेमनगर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के कुदेशिया फाटक से करीब 400 मीटर दूरी पर चंपतराय बाग के रास्ते पर मुठभेड़ के बाद 25-25 हजार के इनामी दो बदमाशाें को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों में अलीगढ़ के थाना सिविल लाइंस के लोको कॉलोनी नई बस्ती निवासी सलमान के बाएं और प्रेमनगर के बानखाना निवासी इस्लाम कादिर के दाएं पैर में गोली लगी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बदमाशों ने पूछताछ में एक अगस्त को शास्त्री नगर मंदिर के पास और तीन अगस्त को राजेंद्र नगर में एक-एक महिला से सरेराह सोने की चेन लूटने की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इंस्पेक्टर प्रेमनगर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के पांच बजे पुलिस टीम गश्त पर थी। तभी सूचना के आधार पर कुदेशिया फाटक से चंपतराय बाग की ओर जाने वाले रास्ते पर दो संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दोनों संदिग्ध पैर में गोली लगने से गिर गए। पुलिस ने बदमाशों को दबोचकर इनके पास से 315 बोर के दो तमंचे, कारतूस के चार खोखे, चोरी की बाइक, 45 हजार रुपये और लूट की चेन बरामद की है।
उन्होंने बताया कि सलमान के खिलाफ अलीगढ़ व बरेली में आठ और इस्लाम कादिर के खिलाफ पांच मामले दर्ज हैं। दोनों ने बाइक अलीगढ़ से चोरी की थी। बदमाशों ने शहर में चेन स्नेचिंग की दो वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल करते हुए बताया कि लूट की एक चेन उन्होंने बेच दी। संवाद