बरेली के बाकरगंज में सोमवार शाम धमाका होने से फिर दहशत फैल गई। जिस इलाके में विस्फोट होने से तीन लोगों की मौत हुई थी, वहां से कुछ ही दूरी पर दो ट्रांसफॉर्मर फुंक गए। ट्रांसफॉर्मरों में आग लगने और धमाके होने से लोग डर गए थे।
बरेली के बाकरगंज में सोमवार को दो ट्रांसफार्मर फुंक गए। ट्रांसफार्मरों से ऊंची-ऊंची लपटें उठने और तेज धमाके होने से आसपास के लोग दहशत में आ गए। शुक्रवार को ट्रांसफार्मरों से चंद कदम की दूरी पर फैक्टरी में मांझा बनाते समय विस्फोट होने से फैक्टरी मालिक अतीक और कारीगर सरजात व फैजान की मौत हो गई थी। सोमवार शाम धमाके हुए तो लोग फिर से डर गए थे।
विज्ञापन
बाकरगंज में खड्ड के पास रखे दो ट्रांसफार्मरों से इलाके के दो हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति की जाती है। सोमवार को शाम सात बजे से पहले एक ट्रांसफार्मर के केबल में आग लगी। कुछ ही देरी में दूसरे ट्रांसफार्मर की केबल भी जलने लगा। इसके बाद ट्रांसफार्मरों में आग लग गई।
एक ट्रांसफार्मर फटने के कारण धमाका हुआ तो लोग दहशत में आ गए। कुछ ही देर में मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। विद्युत निगम को सूचना दी गई। ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अधिशासी अभियंता सुरेंद्र गौतम ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति चालू कराई जा रही है। उस क्षेत्र में बिजली चोरी के चलते ट्रांसफार्मर ओवरलोड हैं।