फरीदपुर। खनन विभाग ने बुधवार रात में अवैध खनन करते दो ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को पकड़कर सीज कर दिया है। इस दौरान अवैध खनन करने वाले ट्रैक्टर ट्राॅली छुड़ाने के लिए चक्कर काटते रहे। खनन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्राॅली सीज कर फरीदपुर पुलिस के सुपुर्दगी में दे दी।
विज्ञापन
बरेली खनन अधिकारी लालता प्रसाद ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि फरीदपुर थाना क्षेत्र के नौगवां गांव में देर रात खनन कर मिट्टी ले जाई जा रही है, जिसका उपयोग कॉमर्शियल कार्य में किया जा रहा है। इसके बाद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि फरीदपुर में कस्बे से लेकर देहात तक रातों में जमकर अवैध खनन होता है। इससे किसानों की फसलें बर्बाद होती हैं। वहीं, रातों में निकलने वाले राहगीरों व ग्रामीणों को भी जान का खतरा बना रहता है। खनन अधिकारी लालता प्रसाद ने बताया कि दो ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को पकड़कर सीज कर दिया गया है। संवाद