तिलियापुर के कब्रिस्तान में दफन हुए दोनों दोस्तों के शव
गजरौला में हाईवे पर हादसे का शिकार हुए दोनों दोस्तों के शव शुक्रवार रात गांव तिलियापुर लाए गए। यहां गांव के कब्रिस्तान में दोनों को दफनाया गया। इस दौरान सभी की आंखें नम रहीं। तिलियापुर निवासी जाहिद खान (35) व सलमान खान (28) आपस में गहरे दोस्त थे। दोनों ही ठेके पर कारचोबी का काम स्थानीय कारीगरों से करवाते थे। फिर तैयार कपड़ा लेकर हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ आदि स्थानों पर बेचने जाते थे। ऐसा ही एक ऑर्डर देकर वह हरियाणा से कार से घर लौट रहे थे।
कार में गांव निवासी आसिम खान बैठे थे और चालक अनीस कार चला रहा था। शुक्रवार सुबह अमरोहा के गजरौला में हुए हादसे में जाहिद व सलमान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर दोनों परिवारों के लोग अमरोहा पहुंच गए। वहां दोपहर में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। शाम छह बजे शव तिलियापुर लाए गए, फिर गांव के कब्रिस्तान में ही उन्हें दफन कर दिया गया। जाहिद के परिवार में दो बेटियां शाहिदा (10) ताहिरा (8) व पत्नी चमन हैं। सलमान अविवाहित था और चार भाइयों जफर, शहरोज, बिलाल में सबसे बड़ा था। सलमान के पिता बीमार रहते हैं, परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है।