फतेहगंज पश्चिमी। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने शुक्रवार को नेशनल हाईवे के बल्लिया ओवरब्रिज के पास से दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है, जबकि तीसरा आरोपी मौके से भाग गया। आरोपियों के पास से 500 ग्राम स्मैक, दो बाइक, दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
शुक्रवार दोपहर एएनटीएफ की टीम ने दिल्ली नेशनल हाईवे के बल्लिया ओवरब्रिज के पास से थाना फरीदपुर के मोहल्ला कस्बान निवासी राशिद खां और थाना किला के बाकरगंज के कल्लू मियां तकिया हुसैन बाग निवासी वाहिद खां को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर इनके पास से 500 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि राशिद खां और वाहिद खां दोनों जेल में एक साथ बंद थे।वहीं, इनकी दोस्ती हो गई। जेल से छूटने के बाद आर्थिक तंगी के चलते दोनों ने स्मैक बेचने के लिए थाना फरीदपुर के मोहल्ला कस्बान निवासी फैजान से संपर्क किया। फैजान ने बल्लिया ओवरब्रिज के पास दो पार्टियों का इंतजार करने को कहकर खड़ा कर दिया। तभी एएनटीएफ की टीम पहुंच गई। इस बीच आरोपी फैजान भाग गया। संवाद