- अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई तीखी नोकझोंक, किया समझौता
आंवला। आंवला-बदायूं रोड स्थित गांव अलीनगर में मंगलवार रात पासी और जाटव समाज के लोगों के बीच ओवरहेड टैंक पर लगे झंडे हटाने के संबंध में विवाद हुआ।थाने में दोनों पक्षों ने बुधवार को एक-दूसरे पर आरोप लगाए।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अनुपम शंखधार ने कहा, अलीनगर में ओवरहेड टैंक पर भीम आर्मी से जुड़े लोगों का झंडा लगा हुआ था। पिछले सप्ताह इस टंकी पर हमारे संगठन के लोगों ने भी झंडा फहराया, तो टंकी के पास तैनात कर्मचारी ने आपत्ति की। इसके बाद दोनों झंडों को हटवा दिया गया।
आरोप है कि दूसरे पक्ष ने मंगलवार शाम एक मंदिर में पासी समाज की ओर से आयोजित हनुमान चालीसा के पाठ में शामिल होकर लौट रहे कार्यकर्ता पवन प्रजापति का रास्ता रोका और मंदिर में पाठ पर आपत्ति जताई। इसपर कहासुनी हो गई।
वहीं, दूसरे पक्ष के भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष प्रभाकर जाटव ने हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं पर गांव में तेज आवाज में हूटर बजाकर परेशान करने और टंकी पर लगे भीम आर्मी के झंटे को हटाने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों ने पुलिस की मौजूदगी में समझौता कर लिया है। कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने समझौते की पुष्टि की है। संवाद