सिकंद्राबाद (लखीमपुर खीरी)। मितौली रोड पर शिवाला तिराहे पर बुधवार रात अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बाइक में आग लग गई, जिससे बाइक सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव जिला अस्पताल भिजवाए। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर भाग गया। देर रात तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई।
रात 9:30 बजे सिकंद्राबाद से मितौली की ओर जा रहे बाइक सवारों को ट्रैक्टर ट्रॉली ने चपेट में ले लिया। हादसे से बाइक में आग लग गई। आग की लपटें देख नीमगांव थाना सीमा पर तैनात पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की लेकिन जब तक आग बुझी तब तक दोनों लोगों की जलकर मौत हो चुकी थी।
इसी दौरान नीमगांव थाना इंस्पेक्टर और मितौली थाना इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों लोगों के शव एक अन्य ट्रैक्टर ट्रॉली से जिला अस्पताल भिजवाए। इंस्पेक्टर मितौली अनिल कुमार सैनी ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। बाइक पूरी तरह जल जाने के कारण उसका चेसिस नंबर तक नहीं पढ़ने में आया, जिससे वाहन स्वामी का पता लगाने की कोशिश भी नाकाम रही।