अलीगंज। अलीगंज-सिरौली मार्ग पर खैलम देह जागीर गांव के पास बृहस्पतिवार देर रात आलू से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली और कार की भिड़ंत में दो लोगों की जान चली गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायलों को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, सिरौली-अलीगंज मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात आलू से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली सिरौली की ओर से आ रही थी। वहीं नीले रंग की कार गुलड़िया-सिरौली की तरफ तेज रफ्तार में जा रही थी। खैलम देह जागीर गांव के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने से टक्कर हो गई। इस हादसे में बरेली के संजयनगर निवासी कार चालक शेखर (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, सिरौली का भूड़ा गांव निवासी ट्रैक्टर चालक धनुषपाल ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
सूचना पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे क्षेत्राधिकारी आंवला नितिन कुमार व थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि घायलों को मझगवां सीएचसी पहुंचाया है। वहां घायलों की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में कार सवार कुनाल मौर्य, विशाल राजपूत (20 वर्ष), नितिन चक्रवर्ती (22 वर्ष) और मृतक शेखर का 10 वर्षीय बेटा अरनव और इसके अलावा ट्रैक्टर सवार ब्रजपाल शामिल हैं। संवाद