भुता/मीरगंज। दो अलग-अलग सड़क हादसों में शुक्रवार को दो लोगों की मौत हो गई। पहले हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से बाइक सवार घुस गया, जबकि दूसरे हादसे में एक फैक्टरी से काम कर घर लौट रहा युवक ट्रक की चपेट में आया। हालांकि बाइक पर सवार दो अन्य घायलों को अस्पताल भेजा गया है। इसमें से एक मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। भुता पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात लगभग नौ बजे बीसलपुर की ओर से बरेली की तरफ जा रही ओवरलोड भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली गांव नवादा के पास खराब हो जाने के कारण रोड किनारे खड़ी थी कि बीसलपुर की ओर से बरेली की तरफ आ रहे बाइक सवार तीन युवक खड़ी ट्राॅली में पीछे से जा घुसे। उस पर सवार अनिल, शिशुपाल, देवेंद्र तीनों गंभीर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को अस्पताल ले जा रही थी। रास्ते में ही इज्जतनगर के ग्राम अब्दुल्ला निवासी बाइक चालक 30 वर्षीय अनिल की रास्ते में मौत हो गई। घायल शिशुपाल व देवेंद्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के अनुसार, तीनों युवक टाइल पत्थर आदि का काम करते हैं। यह लोग बीसलपुर तरफ से घर वापस जा रहे थे। पुलिस में दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। मीरगंज में मृतक युवक के शेरगढ़ के पिपौली निवासी साले ब्रह्मा स्वरूप ने बताया कि उनके बहनोई कन्हई लाल नेशनल हाईवे सतुइया पट्टी पर साबुन फैक्टरी में काम करते थे। 13 जनवरी को वह ड्यूटी कर साइकिल से घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में ट्रक की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गए। दिल्ली के सफदरगंज के अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक मीरगंज संजय तोमर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद