मृतकों में राजेंद्रनगर के बुजुर्ग भी शामिल, मौत के बाद आई पॉजिटिव रिपोर्ट
बरेली। कोरोना संक्रमितों की संख्या के साथ मौतों का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को सेंट्रल जेल के सजायाफ्ता कैदी समेत दो और संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं, 82 नए संक्रमित मिले हैं। मृतक संक्रमितों के परिजन और प्रशासन को कोविड नियम के तहत अंत्येष्टि कराने की सूचना दे दी गई है।
जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार के मुताबिक, राजेंद्रनगर के 68 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से बीमार थे। वह घर पर ही थे और एहतियातन कारपोरेट लैब से जांच कराई थी। सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई थी। मंगलवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इधर, सेंट्रल जेल के एक सजायाफ्ता कैदी की भी कोरोना से मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है। उधर, सर्विलांस टीम नए मिले संक्रमितों को ट्रेस कर उन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती करा रही है।
1349 सैंपल की जांच में 82 मिले संक्रमित
बरेली। कोरोना संक्रमण की रफ्तार मंगलवार को कुछ धीमी नजर आई। करीब आठ दिनों से हर दिन औसतन डेढ़ सौ केस मिल रहे थे, लेकिन मंगलवार को 82 नए केस ही सामने आए। सोमवार को जिन 49 लोगों को स्वास्थ्य विभाग ट्रेस नहीं कर पाया था, उन्हें मिलाकर मंगलवार की देर रात 131 संक्रमितों की सूची जारी की गई।
जिला सर्विलांस अधिकारी के मुताबिक, रिपोर्ट में कर्मचारी नगर, रोहलीटोला में चार, आईडीबीआई बैंक के दो कर्मी, सिविल लाइंस में तीन, आनंदबिहार में पांच, मढ़ीनाथ में दो, पीएनबी सीबीगंज में दो कर्मी समेत तीन, सीतापुर आई हॉस्पिटल, इज्जतनगर, मॉडल टाउन, सेना में फिर दो जवान को संक्रमित मिले हैं। गुलाबनगर, महोलिया में दो, सिठौरा चार, संजय नगर दो, दुर्गा नगर में पांच, जगदीश बिहार दो, गुलाब नगर के दो संक्रमित हैं। इसके अलावा भूरा शिवमंदिर, शिवगार्डन कॉलोनी, बेहटा, आशीष रॉयल, मोहल्ला ऊंचा, वीर सावरकर नगर, शांति बिहार, भैरोनाथ, रेवती, तुलसी नगर, भोजीपुरा, गणेश नगर, धौरेरा, राजपुर, फतेहगंज पश्चिमी और पूर्वी, रामपुर गार्डन, बंसी नगला, जीजीआईसी रोड, बिहारीपुर, घंटाघर, मिथलापुरी, मीराजी की छावनी कोतवाली, बिथरी चैनपुर, थाना शेरगढ़, औंध, सीबीगंज, शीशगढ़, राजपुर, जैतीपुर, मोहल्ला मिरधान, साहूकारा, रमपुरिया, नबाबगंज, गोपाल नगर, गोसाईं गोटिया, राजेंद्र नगर, छीपीटोला, जोगी नवादा, सठुआ, लाजपतनगर, रामपुर, पीटीसी, जाटवपुरा, आकाशपुरम में एक-एक, कटरा चांद खां में दो संक्रमित हैं।
कोविड अस्पताल में 23 संक्रमित मिले
रिपोर्ट के मुताबिक, भोजीपुरा कोविड एल-2 अस्पताल में 23 व्यक्ति संक्रमित मिले हैं। इनमें आठ लैब के टैक्नीशियन और कर्मचारी हैैं। इसके अलावा अन्य अस्पताल में भर्ती मरीज भी संक्रमित हैं। पांच ऐसे लोग भी संक्रमित हैं जो बाहरी जिलों के है। इनमें दो शहाजहांपुर, एक पीलीभीत और एक उत्तराखंड के किच्छा के रहने वाले हैं।
जिला क्षय रोग विभाग और पीएचसी मझगवां में एक-एक मिले संक्रमित
जारी सूची में जिला क्षय रोग विभाग के एक स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित मिला है। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को सैनेटराइज कराया गया है और 48 घंटे तक के लिए कार्यालय को बंद कर दिया गया है। वहीं मझगवां की पीएचसी में भी तैनात एक स्वास्थ्य कर्मी के संक्रमित होने पर खलबली मची हुई है।