गुर्गों के जरिये सगे भाइयों से की ठगी
इज्जतनगर क्षेत्र की गुरुनानक कॉलोनी के रहने वाले ललित मोहन ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि कैनविज के चेयरमैन कन्हैया गुलाटी, जगतपाल मौर्य, विशाल मौर्य, राहुल मौर्य, पुष्पेंद्र चंद्रा और सोनू चंद्रा ने केएम एसोसिएट्स कंपनी में उनके 4,25,000 रुपये निवेश कराए थे। इन लोगों ने ललित के भाई अमित के दो लाख रुपये भी आकर्षक ब्याज का झांसा देकर लगवा दिए। कंपनी के लोगों ने न तो ब्याज दिया, न ही मूलधन लौटाया। उनके दिए चेक बैंक में लगाए तो कंपनी के खाते में महज 3500 रुपये थे। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। ललित ने बताया कि कन्हैया भाग गया है, लेकिन उसके गुर्गे शहर में रह रहे हैं। वे सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं।
बारादरी पुलिस की रिपोर्ट पर गृह मंत्रालय ने की कार्रवाई
गुलाटी गैंग पर लगातार रिपोर्ट दर्ज होने के बाद निवेशक उसका पासपोर्ट जब्त करने की मांग कर रहे थे। बारादरी पुलिस ने उसके खिलाफ हाल ही में नौ और भोजीपुरा पुलिस ने एक रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने कन्हैया गुलाटी व उसके परिजनों के विदेश भागने की आशंका जताकर उच्चाधिकारियों के जरिये शासन को रिपोर्ट भेजी। अब केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। हालांकि, गुलाटी के पहले ही विदेश भागने की चर्चा है। उसके सभी दफ्तर बंद हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, दस दिन पहले तक वह शहर में ही था।