बोले, लॉकडाउन ने कर दिया बेरोजगार, यूट्यूब पर वीडियो देखने के बाद आया आइडिया
बरेली। लॉकडाउन में बेरोजगार हुए दो मजदूरों ने यूट्यूब पर एटीएम लूट का वीडियो देखा और साजो सामान जुटाकर शनिवार देर रात एटीएम काटने पहुंच गए। लेकिन तकनीकि बारीकियों से अंजान दोनों मजदूर मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिए गए। बैंकिंग सर्विसेज के मुंबई हेड क्वार्टर को एटीएम से छेड़छाड़ का सिग्नल मिला तो वहां से सिटी कंट्रोल रूम को मैसेज पास किया गया। पुलिस के पास संदेश आया कि नार्थ सिटी के पास पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को काटने की कोशिश की जा रही है। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस सायरन की आवाज सुनकर एटीएम रूम से रेंगकर बाहर आने की कोशिश कर रहे दोनों मजदूर मौके से ही दबोच लिए गए। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने रविवार को दोनों को रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस पूछताछ में दोनों बदमाशों ने बताया है कि लॉकडाउन में बेरोजगार हुए तो उन्होंने यूट्यूब पर एटीएम लूट का वीडियो देखकर यह योजना बनाई थी। लेकिन पहले ही दांव में पकड़े गए।
शनिवार देर रात करीब दो बजे सिटी कंट्रोल रूम को बैंकिंग सर्विसेज के मुंबई स्थित हेड क्वार्टर से इज्जतनगर क्षेत्र में नार्थ सिटी एक्टेंशन के पास स्थित साफ्टी टॉवर में लगे पंजाब नेशनल बैंक का एक एटीएम काटने की सूचना दी गई। सूचना पर हड़कंप मच गया। घटनास्थल के पास चीता पर तैनात बीट पुलिस को तुंरत आगाह कर थाने से भी फोर्स भेजी गई। वहां पुलिस को दो युवक एटीएम रूम के करीब दो फिट खुले शटर के नीचे से रेंगते हुए निकलते नजर आए। पुलिस को देखते ही वह अलर्ट हो गए और दोनों ने टीम पर तमंचे तान दिए। पुलिस के मुताबिक एक बदमाश ने एक फायर भी किया लेकिन दूसरे का फायर मिस हो गया। टीम ने घेरकर दोनों को पकड़ लिया गया। अंदर देखा तो एटीएम के नीचे बना केबिन कटा हुआ खुला पड़ा था। हालांकि उसमें रखा करीब 17,94,000 कैश बदमाश नहीं निकाल सके थे। उससे पहले ही पुलिस आने की भनक से बदमाश भागने की फिराक में थे। पुलिस के मुताबिक बंद एटीएम के शटर के ताले काटकर बदमाश अंदर घुसे थे। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम असलम और नियाजउद्दीन बताया है। दोनों क्षेत्र के गांव पीर बहोड़ा के रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों के पास से 315 बोर व 12 बोर के दो तमंचे, कारतूस, छोटा एलपीजी सिलिंडर, ऑक्सीजन सिलिंडर, दो पाइप, एक पीतल का लोहा काटने का उपकरण, एक स्प्रे, पेंसिल टॉर्च, मास्क, ग्लब्स, एक फर्जी नंबर की मोटरसाइकिल व एक सेंट्रो कार बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि वह मजदूरी करते थे। पिछले कुछ दिनों से काम न मिल पाने के कारण आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। करीब तीन दिन पहले ही एटीएम काटने की योजना बनाई थी। इसके लिए यूट्यूब से वीडियो देखकर एटीएम काटना भी सीखा। दो दिन पहले मिनी बाईपास स्थित एक दुकान से गैस कटर व अन्य सामान खरीदा था।