नाले में गिरकर हुई थी युवक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के सेटेलाइट बस अड्डे के पास खुले नाले में गिरकर हरदोई निवासी तौहीद की मौत के मामले में दो अवर अभियंता (जेई), सफाई नायक, सुपरवाइजर और ठेकेदार दोषी पाए गए हैं। 24 मार्च को हादसे के बाद नगर निगम की ओर से गठित कमेटी ने जांच पूरी कर रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंप दी है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने इसकी पुष्टि करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
बताया जा रहा है कि रिपोर्ट में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी और विभागीय लापरवाही को हादसे की वजह माना गया है। कमेटी ने जांच में पाया कि घटनास्थल पर नाले को ढकने या वहां चेतावनी बोर्ड लगाने का कोई प्रबंध नहीं किया गया था। ठेकेदार की फर्म ने काम के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया। अब उसकी फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी चल रही है।
रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं, पर अंदरखाने कार्रवाई शुरू
जांच रिपोर्ट सार्वजनिक तो नहीं की गई है, पर उसके आधार पर सुपरवाइजर और सफाई नायक के विरुद्ध तत्काल निलंबन और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। दोषी पाए गए दोनों जेई के खिलाफ विभागीय जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई है। निगम से जुडे सूत्रों के मुताबिक, चार पन्नों की जांच रिपोर्ट में टीम ने ऐसे हादसे रोकने के लिए नालों पर संकेतक व चेतावनी बोर्ड लगाने, बैरिकेडिंग कराने आदि के सुझाव भी दिए हैं।
नगर आयुक्त संजीय कुमार मौर्य ने बताया कि कमेटी ने जांच रिपोर्ट सौंप दी है, उसको देखा जा रहा है। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।