बरेली बवाल के मामले में पुलिस की जांच जारी है। इसी क्रम में बरेली से दो विवेचक आरोपी मौलाना तौकीर रजा के बयान दर्ज करने फतेहगढ़ जेल गए हैं। बवाल से जुड़े 11 मुकदमों में मौलाना तौकीर का नाम है।
बरेली बवाल के मामले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा का बयान दर्ज करने कोतवाली के दो विवेचक फिर फतेहगढ़ जेल रवाना हो गए हैं। कुल 11 मुकदमों में मौलाना तौकीर के बयान दर्ज किए जाएंगे।
विज्ञापन
बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल के मामले में आरोपी मौलाना तौकीर रजा फतेहगढ़ जेल में बंद है। कोतवाली में दर्ज सात मुकदमों समेत बारादरी व अन्य थानों के 11 मुकदमों में तौकीर रजा आरोपी है। अब लगातार विवेचक वहां उसके बयान दर्ज करने जा रहे हैं।
बिहारीपुर चौकी क्षेत्र में हुए बवाल के संबंध में कोतवाली में दर्ज दो मुकदमों के विवेचक शनिवार को तौकीर रजा के बयान दर्ज करके लौटे हैं। रविवार को भी दो विवेचक फतेहगढ़ जेल रवाना हो गए। इनमें नौमहला मस्जिद के पास हुई झड़प की विवेचना कर रहे चौकी चौराहा चौकी प्रभारी नितिन राणा व कुमार टाकीज पर हुए बवाल की विवेचना कर रहे कोतवाली के एसएसआई संतोष सिंह शामिल हैं।
विज्ञापन
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि कोतवाली के छह मामलों समेत कुल 11 मामलों में मौलाना तौकीर के बयान दर्ज होने हैं। इसका क्रम शुरू कर दिया गया है। इसके बाद चार्जशीट का आधार तैयार होगा।